नायब सिंह सैनी आज दोबारा हरियाणा की कमान संभालेंगे। वे राज्य के 25वें सीएम के रूप में पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में शपथ लेंगे। हालांकि इस पद को संभालने वाले वह 11वें शख्स होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 37 विशेष अतिथि इस मौके पर मौजूद रहेंगे। इनमें बीस राज्यों के मुख्यमंत्री भी हैं। सैनी के साथ 10 से 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं। शपथ से पहले वे 25,562 नाैकरियों के परिणाम जारी करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को विज्ञान भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अभिधम्म दिवस समारोह में शामिल होंगे और पाली भाषा के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे। संस्कृति मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि मोदी ‘बुद्ध धम्म’ की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने एवं उसे बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर बात करेंगे। उधर, महाराष्ट्र में एनसीपी के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुंबई पुलिस जमीन आसमान एक किए हुए। रोज इस मामले में नए नए खुलासे हो रहे हैं। इसी क्रम में अब मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है कि एनसीपी नेता की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गईं हैं। इससे पहले, मुंबई पुलिस ने बताया था कि जांच में पता चला है कि हत्या में शामिल शूटर्स ने ने मुंबई के कुर्ला इलाके में एक किराए के मकान में यूट्यूब पर वीडियो देखकर हथियार चलाना सीखा था। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
ऑस्ट्रेलिया-तुर्की में बनी पिस्तौल से मारी गई बाबा सिद्दीकी को गोली
महाराष्ट्र में एनसीपी के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुंबई पुलिस जमीन आसमान एक किए हुए। रोज इस मामले में नए नए खुलासे हो रहे हैं। इसी क्रम में अब मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है कि एनसीपी नेता की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली गईं हैं। इससे पहले, मुंबई पुलिस ने बताया था कि जांच में पता चला है कि हत्या में शामिल शूटर्स ने ने मुंबई के कुर्ला इलाके में एक किराए के मकान में यूट्यूब पर वीडियो देखकर हथियार चलाना सीखा था। पढ़ें पूरी खबर...
नागरिकता अधिनियम की धारा 6ए के खिलाफ याचिकाओं पर सुप्रीम फैसला आज
सुप्रीम कोर्ट असम समझौते को आगे बढ़ाने के लिए 1985 में संशोधन के माध्यम से जोड़े गए नागरिकता अधिनियम की धारा 6 ए की सांविधानिक वैधता को चुनौती वाली याचिकाओं पर बृहस्पतिवार को फैसला सुनाएगी। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस सूर्यकांत, एमएम सुंदरेश, जेबी पारदीवाला और मनोज मिश्रा की पीठ फैसला सुनाएगी। इस धारा को असम समझौते को आगे बढ़ाने के लिए 1985 में एक संशोधन के माध्यम से संविधान मे शामिल किया गया था। पढ़ें पूरी खबर...
जस्टिस संजीव खन्ना होंगे देश के अगले मुख्य न्यायाधीश
सुप्रीम कोर्ट के दूसरे सबसे वरिष्ठ जज जस्टिस संजीव खन्ना देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। वर्तमान चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने जस्टिस खन्ना को अगला सीजेआई बनाने की सिफारिश केंद्र सरकार से की है। केंद्र सरकार यह सिफारिश मानती है तो 10 नवंबर को जस्टिस खन्ना सीजेआई पद संभालेंगे। वर्तमान जस्टिस चंद्रचूड़ उसी दिन सेवानिवृत हो रहे हैं। जस्टिस खन्ना का कार्यकाल 23 मई, 2025 तक होगा। यानी वह करीब साढ़े छह महीने इस पद पर रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर...
मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल बनीं फेमिना मिस इंडिया 2024
फेमिना मिस इंडिया 2024 का ग्रैंड फिनाले एक स्टार-स्टडेड इवेंट था। बुधवार की रात मुंबई के वर्ली में फेमस स्टूडियो ने भारत की सबसे प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता की 60वीं वर्षगांठ की मेजबानी की। आखिरकार अब फेमिना मिस इंडिया 2024 को अपना विजेता मिल गया। शानदार समारोह में मध्य प्रदेश की निकिता पोरवाल को फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का ताज पहनाया गया। अब वह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। पढ़ें पूरी खबर...
निज्जर हत्याकांड में कनाडा के पास भारत के खिलाफ नहीं था कोई ठोस सबूत
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो ने स्वीकार किया है कि उन्होंने बिना किसी ठोस सबूत के खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंटों के शामिल होने का आरोप लगाया था। कनाडाई पीएम ने कहा कि पिछले साल आरोप लगाते समय उनके पास सिर्फ खुफिया जानकारी ही थी। पढ़ें पूरी खबर...
13 करोड़ भारतीय बेहद गरीब, रोज की कमाई 181 रुपये से भी कम
करीब 12.9 करोड़ भारतीय वर्ष 2024 में अत्यधिक गरीबी में जीवन बसर कर रहे हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, इन भारतीयों की प्रतिदिन की आमदनी 181 रुपये (2.15 डॉलर) से भी कम है। वर्ष 1990 में यह संख्या 43.1 करोड़ थी। रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा रफ्तार से दुनिया में गरीबी खत्म करने में एक सदी से भी अधिक समय लग सकता है। विश्व बैंक की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, उच्च गरीबी मानक के साथ मध्य आय वाले देशों के लिए गरीबी की तय सीमा प्रतिदिन 576 रुपये (6.85 डॉलर) है, लेकिन जनसंख्या वृद्धि के चलते 1990 की तुलना में 2024 में अधिक भारतीय गरीबी रेखा से नीचे रह रहे हैं। इससे पहले विश्व बैंक ने कहा था कि भारत में अत्यधिक गरीबी पिछले दो वर्षों में बढ़ने के बाद 2021 में 3.8 करोड़ घटकर 16.74 करोड़ रह गई। पढ़ें पूरी खबर...
लेबनान में इस्राइल का हवाई हमला, 16 की मौत; जवाब में हिजबुल्ला ने भी दागे रॉकेट
इस्राइल ने बुधवार को लेबनान के दक्षिणी शहर नबातियेह में नगरपालिका भवनों पर हवाई हमला किया। हमले में 16 लोगों की मौत हो गई और 52 अन्य घायल हो गए। इससे पहले, लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस्राइली हमले में छह लोगों के मारे जाने की रिपोर्ट दी थी। वहीं, हिजबुल्ला ने इस्राइल के साफेद शहर पर रॉकेट दागे। इस्राइली हमले के जवाब में हिजबुल्ला का 24 घंटे में यह तीसरा हमला है। पढ़ें पूरी खबर...