संसद के मानसून सत्र में कई अहम फैसले हुए। ऑनलाइन गेमिंग (संवर्धन व विनियमन) विधेयक 2025 राज्यसभा से भी पारित हो गया, जिसके तहत ई-स्पोर्ट्स और सोशल गेमिंग को छोड़कर सभी तरह के मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। वहीं, लोकसभा सचिवालय की रिपोर्ट के अनुसार सत्र में 84 घंटे से अधिक समय हंगामे में बर्बाद हुआ। दिल्ली को नया पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा मिले हैं, जिन्होंने एसबीके सिंह की जगह ली है। खेल जगत की बात करें तो सरकार ने साफ किया कि भारत एशिया कप खेलेगा और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी भाग लेगा। वहीं, चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव की पारदर्शिता के लिए दो अतिरिक्त सचिवों को पर्यवेक्षक बनाया। तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय ने डीएमके और भाजपा दोनों पर निशाना साधा। साथ ही सिनेमा जगत में मिथुन चक्रवर्ती और रजनीकांत की जोड़ी 30 साल बाद ‘जेलर 2’ में नजर आएगी। उत्तर प्रदेश के सीएम दरबार में बिजली समस्या से परेशान एक पूर्व फौजी ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिस पर भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप लगे। विदेश नीति के मोर्चे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस में बैठक की और स्पष्ट किया कि रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार भारत नहीं, बल्कि चीन है। असम सरकार ने बड़ा निर्णय लिया कि 18 साल से ऊपर वालों को अब नया आधार कार्ड नहीं मिलेगा, ताकि अवैध प्रवासियों को रोका जा सके। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
ऑलाइन गेमिंग बिल
- फोटो : amarujala.com
संसद ने गुरुवार को ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन व विनियमन विधेयक, 2025 पारित कर दिया। राज्यसभा ने हंगामे के बीच बिना बहस के इसे मंजूरी दे दी। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा प्रस्तुत इस विधेयक का उद्देश्य ईस्पोर्ट्स और ऑनलाइन सोशल गेमिंग को छोड़कर सभी प्रकार के ऑनलाइन मनी गेम्स पर प्रतिबंध लगाना है। विपक्षी सदस्यों की ओर से प्रस्तुत संशोधनों को अस्वीकार करने के बाद उच्च सदन ने इसे मंजूरी दे दी।
पढ़ें पूरी खबर
लोकसभा की कार्यवाही
- फोटो : ANI
लोकसभा का मानसून सत्र गुरुवार को समाप्त हो गया। यह सत्र बार-बार हंगामे और जबरन स्थगन की वजह से चर्चा से ज्यादा शोरगुल में बीता। लोकसभा सचिवालय के अनुसार, कुल 21 बैठकों वाले इस एक माह लंबे सत्र में 84 घंटे से अधिक का समय बर्बाद हुआ। यह 18वीं लोकसभा के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक समय है जो हंगामे के कारण व्यर्थ गया।
पढ़ें पूरी खबर
दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर सतीश गोलचा
- फोटो : ANI
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली पुलिस का 26वां आयुक्त नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक आदेश में गुरुवार को यह जानकारी दी। साल 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी ने एसबीके सिंह का स्थान लिया है। सिंह ने अपने पूर्ववर्ती संजय अरोड़ा की सेवानिवृत्ति के बाद 31 जुलाई को आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभाला था। गोलचा वर्तमान में तिहाड़ जेल के महानिदेशक हैं। उन्होंने एक मई, 2024 को यह पदभार ग्रहण किया था।
पढ़ें पूरी खबर
भारतीय टीम
- फोटो : ANI
भारतीय टीम को अगले महीने एशिया कप में हिस्सा लेना है। अब इसे लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से खेल मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सरकार भारत को एशिया कप में हिस्सा लेने से नहीं रोकेगी। भारत को इस टूर्नामेंट में 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला भी खेलना है जिसे लेकर काफी विवाद भी हो रहा है।
पढ़ें पूरी खबर
चुनाव आयोग
- फोटो : अमर उजाला
उपराष्ट्रपति चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। आयोग ने केंद्र सरकार में कार्यरत दो अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारियों को विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। माना जा रहा है इस फैसले से चुनावी प्रक्रिया की निगरानी और मजबूत होगी तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पढ़ें पूरी खबर
अभिनेता और टीवीके नेता विजय थलापति
- फोटो : ANI
तमिलनाडु के मदुरई में आयोजित पार्टी सम्मेलन में अभिनेता और तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) प्रमुख विजय ने अपने आक्रामक राजनीतिक तेवर दिखाए। विजय ने कहा कि उनकी पार्टी कोई भूमिगत सौदे करने वाली, गठबंधन के लिए झूठ बोलने वाली और जनता को धोखा देने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता, महिलाएं और युवा उनके साथ खड़े हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि टीवीके जनता की उम्मीदों पर खरी उतरने के लिए बनाई गई पार्टी है, न कि राजनीतिक लाभ के लिए।
पढ़ें पूरी खबर
मिथुन चक्रवर्ती और रजनीकांत
- फोटो : सोशल मीडिया
वेटरेन एक्टर मिथुन चक्रवर्ती 75 साल की उम्र में भी फिल्मों में लगातार सक्रिय हैं। वो जल्द ही विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ में नजर आएंगे। इसके अलावा मिथुन चक्रवर्ती की पाइपलाइन में साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ भी है। इसको लेकर पिछले काफी वक्त से चर्चा चल रही थी। अब अमर उजाला डिजिटल से बातचीत के दौरान मिथुन चक्रवर्ती ने इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए बताया है कि वो रजनीकांत के साथ फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आने वाले हैं।
पढ़ें पूरी खबर
रिटायर्ड फौजी सत्यवीर गुर्जर
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में सीएम जनता दरबार में जहरीला पदार्थ खाने वाले रिटायर्ड फौजी अपने घर की बिजली जुड़वाने के लिए मंत्री और अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे। घर में लाइट न होने से परिवार को पानी की भी परेशानी हो रही थी। जनरेटर चलाकर घर में लाइट की व्यवस्था की जा रही थी। परिजनों ने लोनी विधायक के दबाव में आकर अधिकारियों पर काम ना करने का आरोप लगाया। भाजपा विधायक ने आरोपी को गलत बताया है।
पढ़ें पूरी खबर
एस जयशंकर, सर्गेई लावरोव
- फोटो : एक्स/रूसी विदेश मंत्रालय/डॉ. एस जयशंकर
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा, हमें आपको मॉस्को में देखकर खुशी हो रही है। मुझे पता है कि आपका कल का दिन व्यस्त था। आपने उप प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव के साथ व्यापार और आर्थिक मामलों की अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की, जो सफल रही।
पढ़ें पूरी खबर
हिमंत बिस्वा सरमा, सीएम, असम
- फोटो : ANI
असम सरकार ने मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिये हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि अब राज्य में 18 साल से ऊपर के लोगों को पहली बार आधार कार्ड नहीं बनाया जाएगा। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि अवैध प्रवासी लोग भारतीय नागरिकता न ले सकें। सीएम सरमा ने बताया कि 18 साल से ज्यादा उम्र वालों को केवल एक महीने का समय दिया जाएगा। अगर किसी के पास अब तक आधार कार्ड नहीं है, तो वह इस अवधि में आवेदन कर सकेगा। इसके बाद नए आधार कार्ड नहीं बनाए जाएंगे।
पढ़ें पूरी खबर