टॉम कूपर ने कहा कि हम इस तथ्य को मई में ही मान चुके थे, लेकिन भारत सरकार या वायुसेना की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई थी। अब जब वायुसेना प्रमुख ने खुद यह दावा किया है तो इसकी प्रमाणिकता सिद्ध हो गई।
भारतीय वायुसेना प्रमुख के ऑपरेशन सिंदूर में पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को मार गिराने की पुष्टि को सैन्य एविएशन विश्लेषक टॉम कूपर ने तथ्य आधारित और ऐतिहासिक बताया।
विज्ञापन
कूपर ने कहा कि हम इस तथ्य को मई में ही मान चुके थे, लेकिन भारत सरकार या वायुसेना की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई थी। अब जब वायुसेना प्रमुख ने खुद यह दावा किया है तो इसकी प्रमाणिकता सिद्ध हो गई। ऑस्ट्रिया से कूपर ने कहा, यह एक शानदार पुष्टि है, क्योंकि मई से ही इस बात का आकलन एक तथ्य के रूप में किया जा रहा था। हमारे पास पांच से भी अधिक पाकिस्तानी विमानों को मार गिराए जाने के सबूत मौजूद हैं।
कूपर ने यह भी दावा किया कि उनके पास कुछ ऐसे सबूत भी हैं जो यह दर्शाते हैं कि कई पाकिस्तानी विमानों को जमीन पर ही नष्ट कर दिया गया था। कूपर ने कहा कि पहले सेना या सरकार की तरफ से इस पर कोई पुष्टि नहीं की गई थी। ऐसे में सेना प्रमुख का ताजा बयान अहम हो जाता है। कूपर ने इस सफलता को सामरिक, परिचालन और रणनीतिक तीनों स्तरों पर बड़ी उपलब्धि माना है।
एस 400 ने 300 किलोमीटर दूर दुश्मन के विमानों को निशाना बनाया
टॉम ने विशेष रूप से एस-400 की क्षमता की सराहना करते हुए कहा, रेंज के हिसाब से यह एक ऐतिहासिक सफलता है, जिसमें 300 किलोमीटर से अधिक की दूरी से दुश्मन के विमानों को निशाना बनाया गया। यह सफलता भारतीय वायुसेना की बढ़ती ताकत और आधुनिक रक्षा प्रणालियों की प्रभावशीलता को दर्शाती है।