विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष
प्रवीण तोगड़िया ने कश्मीर में सेना पर हो रहे लगातार हमले को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि पठानकोट, उड़ी और गुरदासपुर जैसे सैन्य ठिकानों पर एक के बाद एक आतंकी हमला कराने वाले पाकिस्तान को मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा देकर हम क्या संदेश दे रहे हैं।
तोगड़िया ने कहा
सेना देश का गौरव है और सेना पर पथराव करने वाले इस गौरव को चोट पहुंचा रहे हैं। पत्थरबाजों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए, लेकिन हमारी सरकार तो 9700 पत्थरबाजों को जेल से रिहा कर रही है। इससे संदेश चल रहा है कि हम देशद्रोहियों का बचाव कर रहे हैं। हमें कहा गया था कि नोटबंदी के बाद सेना पर पत्थरबाजी बंद हो जाएगी लेकिन पत्थरबाजी तो वहां रोज हो रही है।
उन्होंने कहा कि जो आतंकवादी सीमा पार कर कश्मीर में हमले करने आते हैं उन्हें शरण देने वाले स्थानीय लोगों पर भी देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। वहीं सरकार को साहस दिखाते हुए जिहादी आतंकवाद को कुचलना चाहिए और कश्मीरी हिंदुओं को कश्मीर में वापस बसाना चाहिए। तोगड़िया ने कहा कि सरकार को सेना को आदेश देना चाहिए कि तिरंगा लेकर लाहौर पर कब्जा करें, लेकिन हो यह रहा है कि हमारे जवानों की लाश तिरंगे में लिपटकर आ रही हैं। समय आ गया है कि हमें पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे, हमें पांच टुकड़े कर देना चाहिए।