महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक ट्रक ने एक निजी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस ने महाराष्ट्र और अन्य स्थानों पर साल 2017 से कबाड़ कारोबारियों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना नागपुर से करीब 350 किलोमीटर दूर बुलढाणा के मेहकर इलाके में सुबह करीब चार बजे उस समय हुई जब चालक बस के टायरों की जांच करने के लिए एक लेन में रुका था। बस मुंबई से नागपुर जा रही थी।
उन्होंने बताया कि ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसके चालक और एक यात्री की मौत हो गई।
ठाणे में पेड़ से लटका मिला व्यक्ति का शव
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में 22 वर्षीय एक व्यक्ति का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस को संदेह है कि पारिवारिक विवाद के बाद व्यक्ति की हत्या की गई है।
भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को एक पेड़ से लटका शव देखने के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मृतक के पैरों में चोट के निशान थे। नारपोली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक भरत कामत ने बताया कि उसके एक हाथ पर 'सद्दाम' शब्द का टैटू मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। इसके अलावा, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कबाड़ कारोबारियों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
पुलिस ने महाराष्ट्र और अन्य स्थानों पर साल 2017 से कबाड़ कारोबारियों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 लाख रुपये का सामान बरामद किया है, जिसे उन्होंने लूटा था। इसके अलावा, उनके पास से 15 मोबाइल फोन और 10 एटीएम कार्ड भी जब्त किए हैं।
पालघर जिले की मांडवी पुलिस को 28 अक्तूबर को गुजरात के भावनगर के एक कबाड़ व्यापारी से शिकायत मिली थी कि एक व्यक्ति ने उसे बताया कि यहां मेधे गांव की एक कंपनी में बिक्री के लिए एल्यूमीनियम कबाड़ सामग्री उपलब्ध है। बाद में उससे 27.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।
सहायक पुलिस आयुक्त (विरार) रामचंद्र देशमुख ने बताया कि व्यक्ति ने व्यापारी को मेधे बुलाया, उसे कंपनी में ले गया, उसे स्टॉक दिखाया और उसका विश्वास हासिल करने के लिए अन्य संबंधित जानकारी दी। उसके बाद व्यापारी सामान को ट्रक में लदवाने लगा, तो आरोपियों ने कहा कि सामान आपकी जगह पर पहुंच जाएगा। साथ ही पीड़ित से भुगतान करने के लिए कहा। जब पीड़ित ने 27.87 लाख रुपये का भुगतान किया, तो आरोपी ने उसे बताया कि कंपनी के खाते में पैसा जमा होने के बाद स्टॉक भेज दिया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ट्रक लेकर फरार हो गए। बाद में आरोपी का फोन नंबर बंद मिला और पीड़ित शख्स उससे संपर्क नहीं कर सका। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
केरल में दामाद ने ससुर को मारा चाकू
केरल के इडुक्की जिले में नेदुमकंडम के पास परिवार में हुए विवाद को लेकर एक 70 वर्षीय व्यक्ति की उसके दामाद ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। कावुन्थी के रहने वाले टॉमी की बुधवार आधी रात को आरोपी जोबिन थॉमस ने उनके घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में थॉमस की पत्नी टिंटू भी गंभीर रूप से घायल हो गई। थॉमस और टिंटू दोनों अलग-अलग रह रहे थे। महिला कुछ समय से अपने माता-पिता के घर में रह रही थीं। उन्होंने कहा, 'थॉमस आधी रात को टॉमी के घर आया और उन पर तथा उनकी बेटी पर हमला कर दिया। टिंटू के हाथ और गर्दन में गंभीर चोटें आई हैं।'
अधिकारी ने बताया कि महिला को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और बाद में इलाज के लिए कोट्टायम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। आरोपी को अपराध के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया और आज उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
केरल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी
केरल पुलिस मुख्यालय को आज केरल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। कॉल के आधार पर पुलिस ने सचिवालय और आसपास के इलाकों में तलाशी ली। पुलिस ने कहा कि जांच करने के बाद पता चला की धमकी भरा कॉल फर्जी था। पोझियूर पुलिस थाने में फोन करने वाले को हिरासत में लिया गया है।
भारतीय वायु सेना ने मरीज की बचाई जान
भारतीय वायु सेना के पूर्वी वायु कमान ने बताया कि सात नवंबर को वायुसेना स्टेशन तेजपुर के वायुसेना एएलएच एमके III ने अरुणाचल प्रदेश के तूतिंग एएलजी से गंभीर रूप से बीमार एक मरीज को एयरलिफ्ट किया। मरीज को उनके परिवार के साथ हेलीकॉफ्टर में बैठाया गया और अस्पताल पहुंचाया।
जगन्नाथ मंदिर के सभी द्वार खोलने की मांग
पुरी में 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर के सभी चारों द्वार खोलने की मांग करते हुए विपक्षी कांग्रेस के नेताओं ने समर्थकों के साथ बृहस्पतिवार को ओडिशा के विभिन्न जगन्नाथ मंदिरों के सामने ‘संकीर्तन’ किया। ‘संकीर्तन सत्याग्रह’ (संगीत के साथ भगवान की स्तुति करते हुए सामूहिक जप) राज्यभर के सभी 314 प्रखंडों एवं शहरी स्थानीय निकायों में आयोजित किया गया था।
कांग्रेस ने पुरी जगन्नाथ मंदिर के चार द्वारों के अलावा, मंदिर स्थित भगवान के रत्न भंडार को खोलने और उसकी सूची बनाने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि रत्न भंडार 45 वर्षों तक नहीं खोला गया है, जबकि कानून में भगवान के खजाने में कीमती वस्तुओं की सूची तैयार करने का प्रावधान है।
टीडीपी और जनसेना करेंगी बैठक
टीडीपी और जनसेना पार्टी कार्य योजना बनाने के लिए 14 से 16 नवंबर तक आंध्र प्रदेश के सभी 175 विधानसभा क्षेत्रों में सहयोगात्मक बैठक आयोजित करेगी। तेलुगु देशम पार्टी(टीडीपी) के प्रदेश अध्यक्ष के अचेन नायडू ने कहा, प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए एक कार्य योजना विकसित करेंगे। जिसकी जानकारी एक-दो दिनों में साझा की जाएगी। टीडीपी और जनसेना ने संयुक्त जिलों को एक इकाई के रूप में माना और दोनों पार्टियों के नेताओं के साथ जिला-स्तरीय बैठकें की।
आंध्र प्रदेश में सैनिक के साथ मारपीट, चार कांस्टेबल निलंबित
आंध्र प्रदेश पुलिस विभाग ने गुरुवार को कहा कि अनाकापल्ली जिले में एक सैनिक पर हमला करने के आरोप में चार पुलिस कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार सुबह परवाड़ा पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर कांस्टेबलों ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स की 52वीं बटालियन के एक जवान के साथ मारपीट की थी। इलाके के लोगों ने इस घटना को मोबाइल फोन पर कैद कर लिया और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। राज्य के पुलिस महानिदेशक केवी राजेंद्रनाथ रेड्डी के संज्ञान में लाया गया।
विश्वभारती के कार्यवाहक वीसी ने कहा, अधिकार, कर्तव्य निश्चित नहीं
विश्वभारती के नवनियुक्त कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार मल्लिक ने गुरुवार को बताया कि वह कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले अपने अधिकारों और सीमाओं के बारे में केंद्रीय उच्च शिक्षा मंत्रालय से बात करेंगे। विश्वभारती के दृश्य कला विभाग, कला भवन के प्रिंसिपल रहे मल्लिक ने कहा, हालांकि केंद्रीय मंत्रालय के नियुक्ति पत्र में उनकी जिम्मेदारियों को निर्दिष्ट नहीं किया गया है, लेकिन उनके प्राथमिक कार्यों में से एक नियुक्ति की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाना होगा।
वायुसेना का विशेष विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंचा
गुरुवार को भारतीय वायु सेना की तीन विशेष उड़ानों के जरिए नेपाल भूकंप प्रभावित परिवारों के लिए आपातकालीन राहत सामग्री की तीसरी खेप जारी की। जिसमें चादरे, कंबल, स्लीपिंग बैग के साथ-साथ जरूरी दवाएं और चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, नेपाल भूकंप प्रभावितों के लिए राहत सामग्री भेजी गई।
कर्नाटक सरकार ने हाई-स्पीड कॉरिडोर पर चर्चा की
कर्नाटक के मंत्री दिनेश गुंडू राव ने कहा, बंगलूरू-मंगलुरु इंटीग्रेटेड ग्रीन फील्ड हाई स्पीड कॉरिडोर का निर्माण मंगलुरु के साथ-साथ मार्ग के कई शहरों के विकास के लिए बहुत मददगार होगा। परियोजना में छह से आठ लेन के हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव है। बता दें कर्नाटक सरकार ने बंगलूरू और मंगलुरु के बीच हाई-स्पीड कॉरिडोर पर चर्चा की। दिनेश गुंडू राव ने कहा, राज्य सरकार ऐसी परियोजनाओं को प्रोत्साहित करेगी, जो मंगलुरु के सतत विकास में मदद करेगी। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के उद्यमों के कार्यान्वयन के लिए निजी भागीदारी की भी आवश्यकता है
प्रियांक खरगे बोले, BJP शासन में 500 करोड़ की अनियमितता बरती गई
कर्नाटक के सूचना एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खरगे ने गुरुवार को आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के दौरान कर्नाटक राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड (केओनिक्स) में करीब 500 करोड़ रुपये की अनियमितता बरती गई।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद जब से उन्होंने मंत्री का पद संभाला है, तब से केओनिक्स में एक भी आदेश पारित नहीं किया गया और न ही एजेंसी के माध्यम से कोई खरीद हुई। खरगे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि ऑडिट रिपोर्ट में 2019 से 2023 के बीच अनियमितताओं का खुलासा हुआ है।
रिश्वत लेने के आरोप में रेलवे अधिकारी समेत 10 पर मामला दर्ज
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर पार्सल के संचालन में कथित रिश्वतखोरी के लिए मध्य रेलवे के अधिकारियों सहित 10 लोगों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं। सीबीआई के मुताबिक कुछ आरोपी मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक, मुख्य यार्ड मास्टर और उप स्टेशन प्रबंधक (यार्ड) के रूप में कार्यरत थे। हालांकि, अभी मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इस्राइल की महावाणिज्य दूत टैमी बेन हैम आज बंगलूरू पहुंचीं। इस दौरान कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी से मुलाकात की।