लड़के का धड़ मिलने के एक दिन बाद उसकी खोपड़ी बरामद
मुंबई पुलिस ने बीते दिन 12 वर्षीय लड़के की खोपड़ी बरामद की। इससे पहले उसका धड़ वडाला इलाके में मिला था। लड़का करीब 35 दिन से लाता था। लड़के की पहचान संदीप यादव के रूप में हुई है, जो 28 जनवरी से लापता था। वह वडाला के ही रहने वाले बिपुल सिकरी नामक व्यक्ति के साथ बाहर गया था। एक दिन पहले संदीप की का शव मिला था, लेकिन उसका सिर धड़ के साथ नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, सिकरी पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और उसे पहले हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह हत्या के एक अन्य मामले में पैरोल पर था और मुंबई आया था।
आंध्र प्रदेश : सड़क दुर्घटना में नवविवाहित दंपति सहित पांच की मौत
आंध्र प्रदेश के नांदयाला जिले में बुधवार सुबह एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे एक नवविवाहित दंपति सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। नांदयाला जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के. रघुवीर रेड्डी ने बताया कि परिवार तिरुपति में एक मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था तभी बुधवार तड़के सवा पांच बजे नल्लागटला गांव में दुर्घटना का शिकार हो गया।
तेलंगाना के संगारेड्डी में बंद मैकेनिक शेड में लगी आग
तेलंगाना में संगारेड्डी के एक बंद मैकेनिक शेड में आग लग गई। घटना की खबर पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि आग दोपहर के 12:20 बजे लगी।
केरल ने मानव-पशु संघर्ष को किया राज्य-विशिष्ट आपदा घोषित
केरल में हाल ही में लोगों पर हुए वन्यजीव हमलों ने राज्य सरकार की चिंताएं बढ़ा दी है। मानव-पशु संघर्ष को राज्य विशिष्ट आपदा घोषित किया है। इस मामले के समाधान के लिए जिला और स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को शामिल किया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को मुख्यमंत्री पिनरई विजयन के नेतृत्व में लिया गया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में घोषणा की गई कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मानव-पशु संघर्ष को कम करने में सक्रिय रूप से भाग लेगा। जिला और स्थानीय स्तर पर चार समितियों की स्थापना की जाएगी, जिसमें सीएम और अन्य मंत्री या अधिकारी भी शामिल होंगे।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने फिल्म आर्टिकल 370 की सराहना की है। उन्होंने इस फिल्म को बहुत प्रेरणादायक और रोमांचकारी बताया है। उन्होंने कहा, "एक ऐसी फिल्म जो पूरी दुनिया को साबित करती है कि भारत का मतलब बिजनेस है। भारत तैयार है। इसने उस झांसे को हटाया जो वर्षों से भष्ट राजनेताओं द्वारा किया जा रहा था।"
उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री के नेतृत्व में भारत ने यह साबित कर दिया कि आप कुछ लोगों को हमेशा और सभी लोगों को कभी-कभी मूर्ख बना सकते हैं, लेकिन सभी लोगों को हमेशा मूर्ख नहीं बना सकते हैं। भारत तैयार है।"
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल के साथी की तबियत बिगड़ी
असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी अलगाववादी अमृतपाल सिंह के प्रमुख सहयोगी, कुलवंत सिंह धालीवाल को मिर्गी की शिकायत के बाद मंगलवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को कहा, धालीवाल असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एएमसीएच) के डॉक्टरों की निगरानी में है और उसकी हालत अब स्थिर है।
बता दें कि अमृतपाल और उसके एक चाचा सहित खालिस्तान समर्थक संगठन के 10 सदस्य पिछले साल से डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में बंद हैं। इन्होंने अपने एक साथी की रिहाई के लिए पंजाब के अजनाला थाने में धावा बोल दिया था, जिसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत इनकी गिरफ्तारियां हुई थीं।
ओडिशा में नेता के पांच हत्यारों को मौत की सजा
ओडिशा के क्योंझर जिले की अदालत ने 2019 में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राम चंद्र बेहरा की हत्या के लिए दोषी ठहराए गए पांच लोगों को मौत की सजा सुनाई है। अतिरिक्त लोक अभियोजक अश्विनी कुमार मल्लिक ने बताया कि आनंदपुर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने 53 गवाहों की गवाही और 94 दस्तावेजों के आधार पर मंगलवार को फैसला सुनाया।
पांच दोषियों में संजय प्रस्टी, अजीत प्रस्टी, अरुण प्रस्टी, आलेख प्रस्टी और डोला बोइतेई शामिल हैं। वहीं, एक नाबालिग को प्रमोद दास बाल देखभाल संस्थान (सीसीआई) की न्यायिक हिरासत में रखा गया है। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बेहरा की राज्य के विधानसभा चुनावों से पहले 25 मार्च, 2019 को क्योंझर जिले के ढाकोथा गांव में उनके आवास के पास बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। अपराधी बेहरा के घर गए उसे बाहर बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने उसके शरीर को क्षत-विक्षत कर दिया। शुरुआत में उन्हें आनंदपुर के उप-विभागीय अस्पताल में ले जाया गया और बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हालांकि, कटक ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘राष्ट्रपति निलयम’ में आगंतुक सुविधा केंद्र का किया उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को तेलंगाना के 'राष्ट्रपति निलयम' में आगंतुक सुविधा केंद्र (वीएफसी) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रपति निलयम में ऐतिहासिक लकड़ी के झंडे की 120 फीट की प्रतिकृति, जय हिंद बावड़ी, भूलभुलैया उद्यान, बच्चों का पार्क और रॉक गार्डन में दिव्य शिव और नंदी बैल की मूर्तियां विभिन्न ऐतिहासिक आकर्षण आगंतुकों को सक्षम बना रहे हैं। वीएफसी हमारे देश की समृद्ध विरासत से लोगों को जोड़ने के लिए एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वीएफसी सभी आगंतुकों के लिए वन-स्टॉप सुविधा के रूप में सेवा करके राष्ट्रपति निलयम में आगंतुक अनुभव को और बढ़ाएगा। राष्ट्रपति ने सभी से समृद्ध विरासत का संरक्षण और जश्न जारी रखते हुए देश की एकता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी आग्रह किया।
पुड्डुचेरीः लापता हुई नौ वर्षीय बच्ची का शव नाले में मिला
पुड्डुचेरी में कुछ दिन पहले लापता हुई नौ वर्षीय बच्ची का शव मुथियालपेट ब्लॉक में उसके घर के पास एक नाले में मिला।
वह मुथियालपेट के एक सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। वह दो मार्च को स्कूल जाने के बाद घर नहीं लौटी। शाम होने के बाद माता-पिता ने उसकी तलाश करनी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। छानबीन के बाद लड़की का शव उसके घर के पास बोरी के अंदर एक नाले में तैरता मिला। शव को जब बाहर निकाला गया तो उसके हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह अपहरण के बाद हत्या का मामला है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
94 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को साल 2022 और 2023 के लिए कला के विभिन्न क्षेत्रों के कुल 94 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान किए। विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान सात प्रतिष्ठित कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप भी प्रदान की, जिसमें एक संयुक्त फेलोशिप भी शामिल है। राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी प्रदर्शन कला के क्षेत्र में प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो के रूप में चुनती है। अकादमी फेलो के पुरस्कार में 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि होती है, जबकि अकादमी पुरस्कार में 'ताम्रपत्र' और 'अंगवस्त्रम' के अलावा 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति ने कहा, प्राचीन काल से ही भारतीय संस्कृति में कला विधाओं को उच्च स्थान दिया गया है। भरत मुनि के नाट्य शास्त्र को वेदों के समकक्ष रखते हुए इसे पांचवां वेद कहा गया है। उनके नाट्य शास्त्र में कला विधा की जितनी व्यापकता मिलती है वह दुर्लभ है। दुनिया की किसी भी अन्य पुस्तक में इतनी व्यापकता नहीं मिलती। मुर्मू ने अकादमी की फेलोशिप और पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को भी बधाई दी और कहा, वे संगीत और नाटक के विभिन्न रूपों और शैलियों के माध्यम से भारतीय कला परंपरा को समृद्ध करना जारी रखेंगे।
हमारे जीवन के दस साल बर्बाद हो गए- जीएन साईंबाबा की पत्नी
कथित माओवादी लिंक मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा जीएन साईंबाबा को बरी किए जाने पर उनकी पत्नी वसंता कुमारी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके पति को छोड़ा जाना अनिवार्य था, लेकिन इससे उनके जीवन के दस साल बर्बाद हो गए। उन्होंने कहा कि उनके पति निर्दोष हैं और विचारधारा रखना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मेरे पति और अन्य पांच आरोपियों पर मुकदमा चलाने की मंजूरी अवैध थी। इसका मतलब है कि उन्हें इतने समय तक अवैध रूप से हिरासत में रखा गया था।
उपराष्ट्रपति धनखड़ कल करेंगे तीन राज्यों का दौरा
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को बंगलूरू (कर्नाटक), तिरुवनंतपुरम (केरल) और कोयंबटूबर (तमिलनाडु) का दौरा करेंगे। उनके कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा, एक दिवसीय दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति इसरो उपग्रह एकीकरण और परीक्षण प्रतिष्ठान (आईएसआईटीई), बंगलूरू जाएंगे और यहां इसरो के वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद, वह तिरुवनंतपुरम में राजानका पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि होंगे और शाम को कोयंबटूर में ईशा योग केंद्र में आयोजित शिवरात्रि समारोह में हिस्सा लेंगे। ईशा फाउंडेशन ने कहा, इस दौरान उसके संस्थापक सद्गुरु जग्गी वासुदेव ध्यान सत्रों के माध्यम से लाइव और ऑनलाइन दर्शकों का नेतृत्व करेंगे।
मणिपुर में एनआरसी लागू करने की सिफारिश करेंगे: सीएम बीरेन सिंह
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने बुधवार को कहा कि वह राज्य में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने के लिए केंद्र से सिफारिश करेंगे। एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से वार्ता करते हुए बीरेन सिंह ने कहा कि राज्य अकेले एनआरसी को लागू नहीं कर सकता। हम इस बारे में सदन में एक प्रस्ताव लाए हैं। अब हम मणिपुर में एनआरसी लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने के लिए केंद्र सरकार को सिफारिश भेजेंगे। आगे उन्होंने कहा कि इसके लिए साल 1961 को आधार वर्ष बनाया जाएगा।
महाराष्ट्र में भूख और प्यास से तड़पकर 40 से ज्यादा मवेशियों की मौत
महाराष्ट्र के भंडारा जिले के एक गांव में भूख और प्यास से तड़प-तड़पकर गायों सहित 40 से ज्यादा मवेशियों की मौत हो गई है।
पुलिस ने बुधवार को कहा कि करीब 100 मवेशियों को कुछ दिन पहले पड़ोसी गढ़चिरौली जिले से बचाए जाने के बाद भंडारा जिले की पौनी तहसील के धनोरी गांव में रखा गया था, लेकिन चारे और पानी के अभाव में उन्होंने दम तोड़ दिया।
भंडारा पुलिस के अनुसार, पौनी निवासी दुर्जन चौसरे मंगलवार को इन मवेशियों को लाया था और उसने उन्हें गांव के बाहरी इलाके में एक खुले मैदान में रखा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
केरल: भूस्खलन से बंगाल के तीन मजदूरों की मौत
केरल के एर्नाकुलम जिले के पिरावोम के पास एक गांव में बुधवार को एक इमारत के निर्माण के दौरान भूस्खलन में तीन प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। ये तीनों बंगाल के थे।
पुलिस के मुताबिक, पेप्पथी इलाके में शाम करीब साढ़े पांच बजे भूस्खलन हुआ, जब मजदूर निर्माण कार्य के लिए मिट्टी की खुदाई में लगे हुए थे। राज्य के श्रम मंत्री वी सिवनकु्टी ने एर्नाकुलम जिला श्रम अधिकारी को मामले की त्वरित जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
असम पुलिस ने 'न्याय यात्रा' हिंसा पर विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया से पूछताछ की
असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया से बुधवार को पुलिस ने जनवरी में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के गुवाहाटी में प्रवेश करने पर हुई झड़प से संबंधित एक मामले में पूछताछ की। असम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में सीआईडी मुख्यालय में घटना में उनकी कथित भूमिका से संबंधित सवाल पूछे गए। यहां उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। इससे पहले, असम पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन सिकदर और पार्टी के गुवाहाटी शहर के महासचिव रमेन कुमार सरमा को नोटिस जारी किया था, और उन दोनों से पूछताछ की थी।
नरेश कुमार को मॉरिटानिया में भारत के अगले राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी।
हाई कोर्ट ने योगेश सावंत को न्यायिक हिरासत में भेजा
बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस को धमकी देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किये गये एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत बुधवार को रद्द कर दी। न्यायमूर्ति आर एन लड्ढा ने शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट के कार्यकर्ता योगेश सावंत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हाईकोर्ट ने यह आदेश देते हुए कहा कि सावंत को पुलिस हिरासत में भेजने का निचली अदालत का आदेश कानून की दृष्टि से ठीक नहीं है। क्योंकि न्यायिक हिरासत से पुलिस हिरासत में स्थानांतरित करने से पहले उनकी सुनवाई की अनुमति नहीं दी गई थी। हाई कोर्ट सत्र न्यायालय के आदेश के खिलाफ योगेश सावंत की याचिका पर सुनवाई कर रही थी।
सावंत की याचिका में दावा किया गया कि उन्हें 29 फरवरी को सांताक्रूज़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था और एक मजिस्ट्रेट अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इस अदालत ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई 2 मार्च को तय की थी।
इसके बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट के आदेश को चुनौती देते हुए और सावंत की हिरासत की मांग करते हुए सत्र अदालत का दरवाजा खटखटाया। बाद में सत्र अदालत ने सावंत को 7 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मुंबई के पाली हिल इलाके में 17 मंजिला इमारत में लगी आग
मुंबई के पाली हिल इलाके में बुधवार रात 17 मंजिला इमारत के 14वें फ्लोर पर आग लग गई। एक अधिकारी ने कहा कि रात करीब आठ बजे नरगिस दत्त रोड पर नवरोज हिल सोसायटी की 14वीं मंजिल पर आग लग गई। दमकल की चार गाड़ियां और फायर ब्रिगेड के अन्य वाहनों को मौके पर भेजा गया और रात करीब 9.35 बजे आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग एक कमरे तक ही सीमित थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
राहुल की यात्रा के दौरान हिंसा मामले में कांग्रेस नेता से पूछताछ
असम पुलिस ने जनवरी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान हुई हिंसा के मामले में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया से पूछताछ की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सैकिया बुधवार को सीआईडी मुख्यालय पहुंचे और उनसे हिंसा में उनकी कथित भूमिका को लेकर सवाल किए गए। सैकिया ने मीडिया को बताया कि उनसे तीन घंटे तक पूछताछ हुई और आगे पूछताछ के लिए कोई तिथि नहीं बताई गई है।
सीआईडी इस मामले में कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन सिकदर और पार्टी के गुवाहाटी शहर के महासचिव रमेश कुमार सरमा से पूछताछ कर चुकी है। सीआईडी ने इससे पहले भी सैकिया और असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा को भी समन भेजा था, लेकिन वे तय तिथि पर पेश नहीं हुए। बाद में पुलिस ने दोनों को दोबारा नोटिस भेजा था, जिसमें सैकिया को 6 मार्च और बोरा को 7 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया था।