सूरत के बॉम्बे मार्केट में आग लगी
इस बीच गुजरात में सूरत के बॉम्बे मार्केट में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। सूरत नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी कृष्णा मोड़ ने बताया कि बॉम्बे मार्केट में एक शोरूम में आग लगी। दमकल की 10-12 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। स्थिति काबू में है। आग के कारण का पता नहीं चल पाया है। कोई जनहानि नहीं हुई है।
एंटी टेरर कांफ्रेंस 2023 में अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
राष्ट्रीय जांच एजेंसी पांच अक्तूबर को 'एंटी टेरर कांफ्रेंस 2023' का आयोजन करेगी। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह इस कांर्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
ओडिशा सचिवालय भवन में लगी आग; किसी को चोट नहीं पहुंची
ओडिशा लोक सेवा भवन (सचिवालय) की मुख्य इमारत में मंगलवार को मामूली आग लग गई। इसके बारे में अधिकारियों ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग तुरंत बुझा दी गई और घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इमारत की पहली मंजिल पर स्थित राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग कार्यालय में एक एसी में संदिग्ध इलेक्ट्रिक शॉर्ट-सर्किट के कारण मामूली आग लग गई। अग्निशमन सेवा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री साहा ने फिर ऑपरेशन थियेटर पहुंचकर की सर्जरी
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा एक बार फिर से ऑपरेशन थियेटर में पहुंच कर सर्जरी की। सीएम साहा पेशे से सर्जन हैं और मंगलवार को उन्होंने अपने एक पूर्व छात्र का त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में सफल ऑपरेशन किया। मुख्यमंत्री सोशल मीडिया मंत्र एक्स पर ऑपरेशन थियेटर की एक तस्वीर भी साझा की है। इसमें वह अपने पूर्व छात्र और एमबीबीएस डॉक्टर पर वह सफल सर्जरी करते दिखाई दे रहे हैं।
माणिक साहा ने पोस्ट में लिखा, मरीज एक एमबीबीएस डॉक्टर और मेरा छात्र रहा है। बाइक चलाते हुए वह दुर्घटना का शिकार हो गया था। उसका ऑपरेशन सफल रहा। उल्लेखनीय है कि राजनीति में आने से पहल माणिक साहा त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाते थे। इससे पहले भी साहा मुख्यमंत्री रहते हुए ऑपरेशन थियेटर पहुंचकर मरीजों की सर्जरी की है।
पशुपतिनाथ मंदिर में सोने की हेराफेरी पर तीन के खिलाफ मामला दर्ज
नेपाल के शीर्ष भ्रष्टाचार निरोधक निकाय ने यहां पशुपतिनाथ मंदिर के गर्भगृह में जलाहारी स्थापित करते समय 11.70 मिलियन एनपीआर मूल्य के सोने के कथित गबन के लिए तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ओडिशा में छात्रवृत्ति वितरण में कैग को भ्रष्टाचार का अंदेशा
ओडिशा में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के तहत पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति (पीएमएस) योजना के कार्यान्वयन में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का संदेह जताया है। राज्य में पात्र छात्रों को पीएमएस के भुगतान में डीबीटी के कार्यान्वयन ऑडिट पर रिपोर्ट मंगलवार को राज्य विधानसभा के समक्ष रखी गई।
सीएजी ने कहा, वित्त वर्ष 2016-17 से 2016-20 के दौरान 15 अयोग्य संस्थानों के 5,185 लाभार्थियों को 15.79 करोड़ रुपये की पीएमएस राशि प्रदान की गई थी। इसका कारण निजी शैक्षणिक संस्थानों के निरीक्षण के लिए विस्तृत चेकलिस्ट का मौजूद न होना है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने मई 2018 में जारी अपने संशोधित दिशानिर्देशों में जिला कलेक्टरों की ओर से निजी शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण अनिवार्य कर दिया था। लेकिन पीएमएस को मंजूरी देने के लिए राज्य के निजी शिक्षण संस्थानों के निरीक्षण का कोई प्रावधान नहीं किया गया।
मुंबई में नगर निगम के स्विमिंग पूल में पहुंचा मगरमच्छ का बच्चा
दादर इलाके में मंगलवार सुबह बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक स्विमिंग पूल में दो फुट लंबा मगरमच्छ का बच्चा पहुंच गया। इस बारे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के एक स्थानीय नेता ने दावा किया कि पास में एक निजी चिड़ियाघर है और वहां से सरीसृपों के स्वीमिंग पूल में आने की घटनाएं पहले भी चुकी हैं। लेकिन नागरिक अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे पाए। अधिकारियों ने बताया कि सरीसृप को बचा लिया गया और उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया। लगभग 5.30 बजे स्वीमिंग खुलने से पहले एक सफाई कर्मी ने मगरमच्छ के बच्चे को देखा था। उप नगर आयुक्त किशोर गांधी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि मगरमच्छ स्विमिंग पूल में कैसे पहुंचा।
मुंबई: तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार घायल
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार पैदल यात्री घायल हो गए। मुंबई पुलिस ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, आगे की जांच जारी है।
मुंबई में सितंबर में डेंगू संक्रमण में वृद्धि
मुंबई में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीएमसी ने मंगलवार को बताया कि मुंबई में सितंबर में डेंगू के 1360 मामले दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा पिछले महीने की तुलना में 300 से अधिक है। नगर निकाय में पूर्व विपक्षी नेता रवि राजा ने दावा किया कि नगर निकाय का कीटनाशक विभाग हर दिन 900 से अधिक मच्छरों के प्रजनन स्थलों का पता लगा रहा है।
नगर निकाय की मानसून संबंधी बीमारियों की रिपोर्ट के अनुसार, महानगर में जून में डेंगू के 353 मामले और जुलाई में 413 मामले दर्ज किए गए थे। बीएमसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में मलेरिया के मामले भी बढ़े हैं। शहर में जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर में मलेरिया के क्रमशः 676, 721, 1080 और 1313 मामले दर्ज किए गए।