फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: IN-SPACe ने अंतरिक्ष नीति को लागू करने के दिशानिर्देश जारी किए; आरक्षण पर कांग्रेस का PM से तीखा सवाल

Fri, 03 May 2024 10:33 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

कांग्रेस का आरोप है कि आरक्षण हटाना भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का स्पष्ट लक्ष्य रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि प्रधानमंत्री 'अशोभनीय भाषा' का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि वह 'घबराए और डरे हुए' हैं। देश जानना चाहता है कि क्या आप दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण पर पिछले 32 साल से सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई 50 प्रतिशत की सीमा हटा देंगे? रमेश ने एक्स पर शेयर वीडियो के माध्यम से कहा कि बाबासाहब अंबेडकर के संविधान में, नौवीं अनुसूची में तमिलनाडु के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। यहां अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और ओबीसी के लिए 69 प्रतिशत आरक्षण का नियम है। उन्होंने कहा कि चुनाव में बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस संविधान संशोधन की पहल करेगी। इसके तहत नौकरी और शिक्षा में 50 फीसदी आरक्षण का नियम बनाया जाएगा।

विज्ञापन


अंतरिक्ष नीति को लागू करने के लिए दिशानिर्देश जारी
भारत में अंतरिक्ष के क्षेत्र की नियामक संस्था इन-स्पेस (IN-SPACe) ने अंतरिक्ष नीति को लागू करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। भारतीय अंतरिक्ष नीति के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए मानदंडों, दिशानिर्देशों और प्रक्रियाओं को तय करने वाली इन स्पेस ने अंतरिक्ष जगत में प्राइवेट कंपनियों की भागीदारी की पुरजोर वकालत की है। यही कारण हैं कि उपग्रह निर्माण, प्रक्षेपण, ग्राउंड स्टेशन स्थापना और रिमोट सेंसिंग डेटा साझा करने जैसे काम में अब निजी कंपनियां भी शामिल हो रही हैं। 147 पन्नों के इस दस्तावेज में अंतरिक्ष की उन गतिविधियों को सूचीबद्ध किया गया है जिनके लिए IN-SPACe से अनुमति के बाद ही कंपनी अधिकृत (authorisation) होती है। दिशानिर्देशों के मुताबिक दस्तावेज में शामिल मानदंड, दिशानिर्देश और प्रक्रियाएं (NGP) भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र में सरकार के प्रयासों को और मजबूत बनाएंगे। इसका मकसद पूर्वानुमानित नियामक और पारदर्शी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे व्यापार करने में आसानी हो।

महाराष्ट्र के नागपुर में भूकंप 
महाराष्ट्र के नागपुर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.5 मैग्नीट्यूट मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि दोपहर 3.11 बजे नागपुर में भूकंप आया। झटका बहुत मामूली था और इससे कोई नुकसान नहीं हुआ।

विज्ञापन

दिल्ली एयरपोर्ट पर 2.4 करोड़ रुपये का सोना जब्त
दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 2.4 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने की तस्करी के आरोप में कस्टम अधिकारियों ने अजरबैजान के पांच नागरिकों को गिरफ्तार किया है। कस्टम विभाग द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि 30 अप्रैल को दुबई से आने के बाद पांच व्यक्तियों को रोका गया। इनमें एक महिला यात्री भी शामिल थी। यात्रियों की तलाशी लेने पर उनके पास से आभूषण, तार, बेल्ट बकल और हैंडबैग हैंडल के रूप में सोने की वस्तुएं बरामद की गईं। अधिकारियों ने बताया कि 3.5 किलोग्राम वजन की इन वस्तुओं इनकी कीमत 2.4 करोड़ रुपये है।

 


 

महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा, दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत
महाराष्ट्र के अकोला जिले में दो कारों के बीच टक्कर में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में एमएलसी किरण सरनाईक के रिश्तेदार भी शामिल हैं, जो अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह हादसा पातुर घाट के पास अकोला-वाशिम राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर पर हुा। घायलों को अकोला के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।

बांग्लादेश के 1,500 सिविल सेवकों को प्रशिक्षित करेगा भारत
भारत अगले पांच वर्षों में बांग्लादेश के 1,500 सिविल सेवकों को प्रशिक्षित करेगा। प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) के सचिव वी श्रीनिवास ने बृहस्पतिवार को कहा, इस संबंध में मौजूदा समझौता ज्ञापन (एमओयू) का जल्द आदान- प्रदान किया जाएगा। मौजूदा समझौते के विस्तार पर सहमति श्रीनिवास की अध्यक्षता में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल की 28-30 अप्रैल की बांग्लादेश यात्रा के दौरान बनी थी।

गुजरात : पार्सल खोलते ही धमाका, पिता-पुत्री की मौत
गुजरात के साबरकांठा जिले में ऑनलाइन ऑर्डर से आए एक पार्सल में धमाके से पिता- पुत्री की मौत हो गई, जबकि, दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हैं। मामला साबरकांठा के वडाली इलाके का है।

स्थानीय पुलिस थाने के उप-निरीक्षक जितेंद्र रबारी ने बताया कि फिलहाल यह जानकारी नहीं मिली है कि पार्सल में क्या था। हालांकि, कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान होने की बात सामने आई है। मृतकों की पहचान जितेंद्र हीराभाई वंजारा और उनकी बेटी भूमिका वंजारा के रूप में हुई है। इसके अलावा 9 और 10 साल की दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस गई हैं। उनका हिमंतनगर सिविल अस्पताल में इलाज हो रहा है।

बताया जा रहा है कि पार्सल में कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान था, जैसे ही उसे खोला गया तो एक जोरदार विस्फोट हुआ। वहीं, पड़ोसियों ने बताया कि पार्सल एक ऑटो रिक्शा वाला वहां पहुंचाकर गया था, जिसे वे नहीं जानते हैं। फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि परिवार ने क्या सामान ऑर्डर किया था और पार्सल डिलीवरी करने वाला कौन था। 

तृणमूल विधायक के बिगड़े बोल, हिंदुओं को दो घंटे में भागीरथी नदी में बहा दूंगा
 बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर का भड़काऊ बयान सामने आया है। एक वायरल वीडियो में वह हिंदू समुदाय के लिए कह रहे हैं, मुर्शिदाबाद में तुम लोग 30 फीसदी हो तो हम 70 फीसदी। यहां पर तुम काजीपाड़ा की मस्जिद तोड़ोगे, दंगा लगाने की कोशिश करोगे तो बाकी मुसलमान हाथ पर हाथ रखकर बैठे रहेंगे, यह कभी नहीं होगा। दो घंटे में भागीरथी (गंगा) नदी में नहीं बहा दिए तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।

क्या ममता विधायक को पार्टी से बाहर निकालेंगी-भाजपा
इस बयान पर भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सीएम ममता बनर्जी पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, मुर्शिदाबाद में हिंदू सिर्फ 28 फीसदी। कल्पना कीजिए, अगर हिंदू बंगाल के बाकी हिस्सों में भी अल्पसंख्यक हो जाएं तो क्या होगा। क्या वह विधायक को पार्टी से बाहर निकालने की हिम्मत करेंगी?  
 

इस्राइल-हमास संघर्ष पर प्रिंसिपल ने की टिप्पणी, प्रबंधन ने मांगा इस्तीफा
फलस्तीन और इस्राइल-हमास संघर्ष के मुद्दे पर सोशल मीडिया में टिप्पणी और लाइक्स करने के आरोप में मुंबई के एक प्रतिष्ठित स्कूल के प्रबंधन ने अपने प्रिंसिपल से इस्तीफा मांगा है। मामला विद्याविहार क्षेत्र में सौम्या स्कूल का है। आरोपी प्रिंसिपल परवीन शेख एक सहयोगी ने बृहस्पतिवार को कहा कि 26 अप्रैल को उन्हें स्कूल के प्रबंधन ने औपचारिक बैठक के लिए बुलाया था और सोशल मीडिया पर उनकी टिप्पणियों और लाइक्स को लेकर इस्तीफा देने के लिए कहा था। 

 

म्यांमार के 38 शरणार्थियों का पहला समूह निर्वासित
भारत ने बृहस्पतिवार को म्यांमार के शरणार्थियों के पहले समूह को निर्वासित कर दिया। राज्य सरकार के मुताबिक, पहले चरण में 38 शरणार्थियों को निर्वासित किया गया है। कुल 77 लोगों को वापस भेजने की योजना है।

2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद म्यांमार से हजारों नागरिक सीमा पार कर भारत आ गए थे। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, बिना किसी भेदभाव के हमने म्यांमार से अवैध अप्रवासियों के निर्वासन का पहला चरण पूरा कर लिया है। सरकार राज्य में अवैध अप्रवासियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी रखे हुए है। बता दें कि भारत सरकार ने हाल ही में म्यांमार के साथ लगती अपनी सीमा पर बाड़ लगाने और वीजा-मुक्त आवाजाही नीति को समाप्त करने की घोषणा की है।
 

हनी ट्रैप मामले में आरोपी होटल मैनेजर को मिली अग्रिम जमानत
 भोपाल में हनी ट्रैप मामले में आरोपी होटल मैनेजर पुष्पेंद्र ठाकुर को सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को अग्रिम जमानत दे दी। न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति पंकज मिथल की पीठ ने मामले में मध्य प्रदेश पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। भोपाल के पुलिस स्टेशन गोविंदपुरा में दर्ज एफआईआर के संबंध में पीठ ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं करने के आदेश जारी किए। इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत की पुष्पेंद्र की अर्जी खारिज कर दी थी।

 

मुंबई हवाईअड्डे पर दो करोड़ के सोने के साथ सफाईकर्मी गिरफ्तार
 सीआईएसएफ ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर काम करने वाले एक सफाईकर्मी को दो करोड़ के सोने के साथ गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि बीवीजी कंपनी का कर्मचारी मधुकर बनसोडे टर्मिनल-2 पर तैनात था। बृहस्पतिवार को सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास से 2.77 किलो सोना मिला, जिसे वह एक पानी की बोतल में पेस्ट के रूप में ले जा रहा था। आरोपी को सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया है।  

 

आंध्र : पूर्व डीजीपी वीवी लक्ष्मी ने बनाई जय भारत नेशनल पार्टी
आंध्र प्रदेश के पूर्व डीजीपी वीवी लक्ष्मी नारायण जय भारत नेशनल पार्टी बनाकर चुनावी रण में उतर गए हैं। वह खुद विशाखापत्तनम उत्तर से विधानसभा चुनाव लड़ रहे है। वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख और मौजूदा सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी को 2012 में गिरफ्तार कर सुर्खियां बटोरने वाले लक्ष्मी नारायण कहते हैं कि वे प्रदेश को सुशासन देने के लिए लोगों को एक राजनीतिक विकल्प देना चाहते हैं। 

 फर्जी कंपनियों पर रोक लगाने के लिए जीएसटी बैठक आज; इन मुद्दों पर भी होगी चर्चा
फर्जी कंपनियों का पंजीकरण व कर चोरी रोकने जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए केंद्रीय और राज्य जीएसटी अधिकारी शुक्रवार को बैठक करेंगे। बैठक की अध्यक्षता राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा करेंगे।

यह बैठक मजबूत आर्थिक गति, घरेलू लेनदेन में वृद्धि और सख्त ऑडिट व जांच के कारण अप्रैल में जीएसटी संग्रह 2.10 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद हो रही है। केंद्रीय और राज्य कर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की यह तीसरी राष्ट्रीय समन्वय बैठक है।

सीएसआईआर नेट 25 जून से
सीएसआईआर-यूजीसी नेट की जून-2024 की परीक्षा 25 से 27 जून के बीच कराई जाएगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के अनुसार अभ्यर्थी 21 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एनटीए इस परीक्षा में साइंस प्रोग्राम के पांच पेपर की परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी माध्यम से कराएगा । 

मुंबई में ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई के बोरीवली और माहिम इलाकों में एक अभियान में 75 लाख रुपये मूल्य के 500 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया है। इसके साथ हीदो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अदिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि इन दोनों में से एक दवा वितरक है। उसके नाम पर पहले एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं और वह पिछले कुछ महीने से जमानत पर बाहर था। उन्होंने बताया कि दोनों नशीली दवाओं के एक अंतरराज्यीय रैकेट का हिस्सा थे। 

एनसीबी की मुंबई जोनल टीम ने सूचना के आधार पर नशीली दवाओं को ले जाने वाले एलजी खान को मंगलवार को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह बोरीवली स्टेशन पर एक उपनगरीय ट्रेन में चढ़ने वाला था। हमने उसके पास से 500 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ के बाद हमें उसके सहयोगी यूयू खान के बारे में पता चला, जिसे माहिम में उसे घर से पकड़ लिया गया। यूयू खान के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार किया गया था। अभी वह जमानत पर बाहर था। रैकेट के आगे की जांच चल रही है। 

मिजोरम में 4.34 करोड़ रुपये की हेरोइन, विदेशी सिगरेट जब्त
असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में 4.34 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन और विदेशी सिगरेट जब्त की है।
 
अर्धसैनिक बल द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को आइजोल के फॉकलैंड इलाके में एक संयुक्त अभियान चलाया और 598 ग्राम हेरोइन जब्त की। 
 
कहा गया है कि मणिपुर निवासी एक व्यक्ति समेत दो लोगों को 4.18 करोड़ रुपये की हेरोइन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 
बुधवार को एक अन्य अभियान में, असम राइफल्स ने दक्षिण मिजोरम के सियाहा जिले के लुंगपुक गांव में म्यांमार से तस्करी की गई 16 लाख रुपये की विदेशी सिगरेट के 22,000 पैकेट जब्त किए।

इस बीच, मिजोरम पुलिस ने यंग मिजोरम एसोसिएशन (वाईएमए) के स्वयंसेवकों के साथ मिलकर बुधवार को सैतुअल जिले के सेलिंग में म्यांमार से तस्करी कर लाए गए सूखे सुपारी के आठ ट्रकों को जब्त किया। उन्होंने बताया कि जब्ती के सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शोम्पेन जनजाति के लोगों से मिले केंद्र के अधिकारी
केंद्र सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने गुरुवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूह शोम्पेन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इन अधिकारियों में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा और गृह सचिव अजय कुमार भल्ला भी शामिल थे।  अधिकारियों ने ग्रेट निकोबार में उनसे मुलाकात की और उनके इतिहास, परंपरा संस्कृति के बारे में जाना। घने जंगल में रहने वाले शोम्पेन जनजाति के पांच लोगों ने स्थानीय प्रशासन और दुभाषिए की मदद से अधिकारियों से बात की। शोम्पेन जनजातियों में से एक हॉन के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को एक स्मृति चिह्न भेंट किया। मुख्य सचिव केशव चंद्रा ने शोम्पेन लोगों की संस्कृति, परंपरा और इतिहास के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों के स्वागत के लिए ग्रेट निकोबारी जनजातियों के प्रतिनिधि बी मौजूद थे। मिश्रा ने उनके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें प्रशासन के कर्मचारियों ने बताया कि आदिम जनजाति विकास समिति की मदद से डॉक्टर और फार्मासिस्ट चिकित्सा आपात स्थिति को संभालने के लिए उन पर नजर रकते हैं। 

कोलकाता में पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी
पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में नौकरी गंवाने वाले सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे और सॉल्ट लेक में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों की पुलिस से भिड़ंत हो गई। नौकरी गंवाने वाले सैकड़ों लोग लोग साल्ट लेक में इकट्ठा हुए थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शन कर रहे बेरोजगारों ने पुलिस बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश की। बता दें कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हाल ही में शिक्षक भर्ती परीक्षा 2016 की भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया था। इस वजह से लगभग 26,000 शिक्षकों को नौकरी गंवानी पड़ी। 

तेलंगाना के मोहन नगर में होटल में लगी आग 
तेलंगाना के चैतन्यपुरी थाना क्षेत्र के मोहन नगर के एक होटल में आग लग गई। आग लगने के समय होटल में 20 लोग मौजूद थे। घटना में एक दंपती घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग पर काबू पा लिया गया है।
#WATCH | Telangana: Fire broke out at a Hotel in Mohan Nagar under Chaitanyapuri police station limits, Hyderabad. 20 people were in the hotel when the fire broke. Two people, a wife and husband are injured in the incident. They were shifted to the hospital. Fire has been brought… pic.twitter.com/iU6SuP9SWr — ANI (@ANI) May 3, 2024
 

एयर इंडिया ने दिल्ली-दुबई मार्ग पर पहली बार चलाया एयरबस ए350
एयर इंडिया ने दिल्ली से दुबई जाने वाली फ्लाइट के लिए नए एयरबस ए350-900 प्लेन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इन विमानों को एअर इंडिया की तरफ से पिछले दिनों खरीदा गया है। यह पहला मौका है जब इन्हें अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर इस्तेमाल किया जा रहा है। बता दें भारत से दुबई के मार्ग पर एअर इंडिया ऐसी अकेली कंपनी है, जो ए350 विमान संचालित कर रही है। इन विमानों के शुरू होने पर दिल्ली और दुबई दोनों एयरपोर्ट पर खुशी मनाई गई। एयरपोर्ट पर मेहमानों को ए350 विमान की यादगार चीजें दी गईं।  

झारखंड के स्कूल में व्यायाम के दौरान छात्र की मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले के एक स्कूल में व्यायाम के दौरान 11 साल के एक छात्र की मौत हो गई। रामगढ़ के उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) आशी। गंगवार ने बताया कि पांचवी कक्षा के छात्र की मौत के मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच पैनल का नेतृत्व जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई), रामगढ़, संजीत कुमार करेंगे। बताया गया है कि जारा बस्ती में राधा गोविंद आवासीय विद्यालय में पांचवी कक्षा का एक छात्र नियमित व्यायाम में भाग लेने के लिए मैदान में आया था। विद्यालय के चेयरमैन बीएन साह ने बताया कि बसंतपुर का रहने वाला छात्र व्यायाम के दौरान अचानक जमीन पर गिर गया। इसके बाद उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
 

चेन्नई एयरपोर्ट पर महिला यात्री से 1.07 करोड़ रुपये का सोना जब्त
शारजाह से चेन्नई पहुंची एक महिला यात्री के पास से 1.07 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया गया। कस्टम अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला को रोका। महिला के ने अपने अंडरगारमेंट्स में सोना छिपाया हुआ था। सोने का वजन 1.69 किलोग्राम है और यह पेस्ट के रूप में मिला है। फिलहाल महिला यात्री को गिरफ्तार किया गया है।

तमिनाडु में चलती ट्रेन से गिरी गर्भवती महिला, मौके पर हुई मौत
तमिलनाडु के उलुंदुरपेट और वृद्धाचलम के बीच एक गर्भवती महिला दुर्घटनावश चलती ट्रेन से गिर गई और उनकी मौत हो गई। महिला की पहचान चेन्नई के तिरुसुलम की कस्तूरी (22) के रूप में हुई है। बताया गया है कि कस्तूरी तेनकासी जिले में अपने बच्चे के जन्म समारोह के लिए अपने पति सुरेश कुमार और अन्य रिश्तेदारों के साथ कोल्लम एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थी। सात महीने की गर्भवती थी। चलती ट्रेन में उन्होंने तबीयत खराब होने की शिकायत की और शौचालय चली गईं। अचानक महिला का पैर फिसला और वह ट्रैन से बाहर गिर गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने ट्रेन की चेन खींच ली। काफी खोजबीन के बीन के बाद  पुलिस को महिला का शव उलुंदुरपेट से करीब एक किलोमीटर दूर मिला।

बंगलूरू में बारिश से बदला मौसम
कर्नाटक के बंगलूरू में बारिश की फुहारें पड़ने से मौसम बदल गया। गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। 

 

मुंबई में वीआईपीएस ग्रुप ऑफ कंपनीज के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई
मुंबई प्रवर्तन निदेशालय ने पीएमएलए के तहत वीआईपीएस ग्रुप ऑफ कंपनीज के कोल्हापुर, पुणे और नासिक स्थित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। विनोद तुकाराम खुटे, उनके परिवार के सदस्यों और दुबई के सहयोगियों द्वारा ग्लोबल एफिलिएट बिजनेस, मेसर्स काना कैपिटल, रियल गोल्ड कैपिटल, फीनिक्स एफएक्स का संचालन किया जाता है। तलाशी अभियान के दौरान विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, नकदी, बैंक फंड, सावधि जमा और पांच करोड़ रुपये के आभूषण जब्त किए गए हैं।

एनएसजी और पुलिस ने दिल्ली के संसद भवन में मॉक ड्रिल की
एनएसजी और दिल्ली पुलिस ने संसद भवन में सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल की। दिल्ली पुलिस और एनएसजी की टीम द्वारा अलग-अलग जगहों पर मॉक ड्रिल की गई।

 

विदेश मंत्री ने दिल्ली में आसियान के अधिकारियों का स्वागत किया
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने नई दिल्ली में आसियान के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट किया कि भारत और आसियान के सहयोग में लगातार प्रगति हो रही है। आसियान और भारत के बीच बैठकें भारत के राजनयिक कैलेंडर की एक महत्वपूर्ण विशेषता है। विश्वास है कि हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी सफल होगी।

मुंबई में गैस पाइपलाइन रिसाव के कारण लगी आग, चार घायल
मुंबई की अंधेरी (पश्चिम) में जुहू ओशनस बिल्डिंग के पास गैस पाइपलाइन रिसाव के कारण आग लग गई। इस आग से चार लोग घायल हो गए। एमजीएल स्टाफ द्वारा गैस का रिसाव रोका गया और आग बुझाई गई। सभी घायल मामूली रूप से जले हैं और उनकी हालत स्थिर है।

भारत और आसियान देशों की साझेदारी पर विदेश मंत्री जयशंकर का बयान

विदेश मंत्री एस जयशंकर को भरोसा है कि भारत और 10 देशों के समूह आसियान के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी और बढ़ेगी। जयशंकर ने आसियान (दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के संगठन) के वरिष्ठ अधिकारियों से शुक्रवार को हुई मुलाकात के बाद यह बात कही। जयशंकर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, नई दिल्ली में आसियान के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वागत किया। हमारे सहयोग में काफी प्रगति हुई है, जिसे जानकर खुशी हुई।  बता दें कि आसियान को क्षेत्र में सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है। भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश इस मंच पर होने वाले संवाद में भाग लेते हैं। आसियान के सदस्य देशों में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार और कंबोडिया शामिल हैं।

ठाणे में महज डेढ़ महीने में 28 करोड़ रुपये की दवाएं जब्त

लोकसभा चुनाव 2024 की आचार संहिता लागू होने के बाद से महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बीते डेढ़ महीने में करीब 28 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित मादक पदार्थ / दवाएं जब्त की गई हैं। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक जब्ती 16 मार्च से 30 अप्रैल के बीच हुई है। मादक पदार्थों की बरामदगी से संबंधित कुल 39 मामले दर्ज किए गए हैं। बता दें कि चुनाव के दो चरण समाप्त हो चुके हैं, जबकि तीन चरण अभी बाकी हैं।

थरूर ने कहा, दोहरी नागरिकता के मुद्दे पर ज्यादा समर्थन नहीं मिला

वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, वे पहले भी अधिकारियों के समक्ष दोहरी नागरिकता का मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन उन्हें ज्यादा समर्थन नहीं मिला। केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से निर्वाचित लोकसभा सांसद थरूर ने शुक्रवार को कहा कि विदेश में रहने वाले लोगों को अपने भारतीय पासपोर्ट रखने की अनुमति दी जानी चाहिए। इस मुद्दे पर 'अधिक व्यापक नजरिया' जरूरी है। उन्होंने कहा, 'मैंने पहले भी यह मुद्दा उठाया था लेकिन मौजूदा सरकार या भाजपा या पिछली सरकार से दोहरी नागरिकता पर समर्थन नहीं मिला।' बकौल थरूर, विदेश में रहने वाले बहुत से भारतीयों को पेशेवर सुविधा, यात्रा जैसे कारणों से विदेशी पासपोर्ट लेना पड़ा होगा। हालांकि, उनके दिल अभी भी भारत में ही हैं। कई ऐसे लोग हैं, जो अभी भी अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव महसूस करते हैं। इस पर ध्यान देते हुए हमें ठोस तरीके खोजने की जरूरत है। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र के पूर्व राजनयिक थरूर, यूएन में बतौर अवर महासचिव सेवाएं दे चुके हैं। इनका मानना है कि भारत की विदेशी नागरिकता (Overseas Citizenship of India) वास्तव में एक मिथ्या (misnomer) नाम है।

छत्रपति संभाजीनगर के अजंता घाट पर MSRTC की बस पलटी, नौ लोग घायल

छत्रपति संभाजीनगर के अजंता घाट में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की बस पलट जाने से नौ लोगों को मामूली चोटें आईं। अजंता पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि बस पुणे से रावेर जा रही थी। बस 66 यात्रियों को ले जा रही थी, जिनमें से नौ को मामूली चोटें आईं। यह घटना ड्राइवर के वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुई। घायल लोग जामनेर, छत्रपति संभाजीनगर के हैं।

रक्षा संबंधों का विस्तार करेंगे भारत और इंडोनेशिया, संकल्प लिया

भारत और इंडोनेशिया ने समग्र द्विपक्षीय रक्षा संबंधों का विस्तार करने का संकल्प लिया है। दोनों देश विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा और सैन्य उपकरणों के उत्पादन के लिए औद्योगिक जुड़ाव के क्षेत्रों में विस्तार करने पर सहमत हैं। दिल्ली में सातवीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की बैठक में शुक्रवार को दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों ने रक्षा सहयोग के बढ़ते दायरे पर संतोष व्यक्त किया। बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा सचिव गिरिधर अरामाने और उनके इंडोनेशियाई समकक्ष एयर मार्शल डॉनी एर्मावान तौफांटो ने की। बता दें कि इंडोनेशियाई अधिकारी 2 से 4 मई तक भारत के दौरे पर हैं।
विज्ञापन

केरल में पुलिस कमांडो पर गोलीबारी मामले में एनआईए की चार्जशीट, 4 सीपीआईएम कैडरों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने विशेष अभियान समूह (एसओजी) के कमांडो पर गोलीबारी से संबंधित एक मामले में शुक्रवार को आरोपपत्र दाखिल किया। इस चार्जशीट में सीपीआई (माओवादी) के चार कैडरों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार पिछले साल केरल के वायनाड जिले के थलापुझा इलाके में गोलीबारी की घटना 7 नवंबर को हुई थी। केरल पुलिस की एसओजी टीम प्रतिबंधित नक्सली संगठन, सीपीआई (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों को ट्रैक करने और पकड़ने के लिए वायनाड के पेरिया में तलाशी अभियान चला रही थी, इसी दौरान फायरिंग हुई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें