विदेश मंत्रालय ने कई यूरोपीय देशों को पत्र लिखकर भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी की तलाश में मदद की अपील की है। साथ ही फिर से कहा है कि नीरव को एक से ज्यादा भारतीय पासपोर्ट जारी नहीं किए गए। मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि मंत्रालय ने दुनियाभर में स्थित अपने सभी मिशन को संदेश भेजकर स्थानीय सरकार के संपर्क में रहने को कहा है ताकि मोदी को वहां घुसने से रोका जा सके और यदि वह वहां रह रहा है तो उसकी जानकारी मिल सके।
ऐसी खबरें हैं कि नीरव मोदी ने पिछले कुछ हफ्तों के दौरान ब्रिटेन, फ्रांस और बेल्जियम की यात्रा की। उन्होंने कहा कि नीरव को नया पासपोर्ट तभी जारी किया गया जब उनका पहले वाले पासपोर्ट की वैधता खत्म हो गई। नीरव के पास एक से ज्यादा पासपोर्ट नहीं रहे। फरवरी में एजेंसियों की सलाह पर उसका पासपोर्ट पहले निलंबित किया गया और बाद में रद्द कर दिया गया। उनकी यह सफाई उन खबरों के बाद आई है जिसमें कहा गया है कि नीरव मोदी के नाम से छह पासपोर्ट हैं।