गुजरात में एक टीचर द्वारा छात्रों को उफनते नाले में उतारना महंगा पड़ा। बताया जा रहा है कि स्कूल के टीचर ने छात्रों की जान को जोखिम में डालते हुए उन्हें उफनते पानी के बहाव वाले नाले में उतार दिया और खुद उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
मामला साबरकांठा जिले के बहेडिया गांव स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल का है। टीचर शकराभाई परमार ने बच्चों की बारिश के पानी से भरे नाले को पार करने के लिए सिर्फ इसलिए मजबूर किया क्योंकि वो इसकी वीडियो बनाना चाहता था।
बता दें कि पास में दूसरा रास्ता भी था जहां पानी नहीं भरा था लेकिन टीचर ने बच्चों को नाले के बीच से निकलने के लिए कहा। वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने टीचर को निलंबित कर दिया।