रूपा गांगुली को कहा गया वास्तविक जिंदगी की द्रौपदी
पश्चिम बंगाल में माकपा नेता के रूप में राजनीति करने के बाद अब तृणमूल कॉन्ग्रेस में शामिल हुए अब्दुर्रज्जाक मोल्ला के बोल बिगड़ गए हैं। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रूप गांगुली के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया। आपको बता दें कि मोल्ला भंगार से तृणमूल कॉन्ग्रेस के उम्मीदवार हैं।
भाजपा की उत्तरी हावड़ा से उम्मीदवार रूपा गांगुली पर तंज कसते हुए मोल्ला ने कहा कि रूपा वास्तविक जिंदगी में भी द्रौपदी हैं। मोल्ला ने कहा कि यह हर किसी को अच्छे से पता है कि रूपा कैसी हैं और किसके साथ रहती हैं। उन्हें अगर कोई द्रौपदी कहे तो इस पर मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी, क्योंकि वह सही में द्रौपदी हैं।
चुनाव आयोग ने मोल्ला के बिगड़े बोल की वजह से उन्हें नोटिस भी भेजा है। यह नोटिस भाजपा के आसिम सरकार और जयप्रकाश मजूमदार की ओर से की गई शिकायत के बाद भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मोल्ला ने न केवल रूप गांगुली का अपमान किया है, बल्कि राज्य की हर महिला का अपमान किया है।
जब इस मामले पर रूपा गांगुली से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि इस तरह की छोटी बात का जवाब देना मेरी मर्यादा से बहुत नीचे है।