सार
टीएमसी के संयुक्त संयोजक सैमिल वॉल्वोइकर ने शुक्रवार को गोवा भाजपा नेताओं से कहा कि आपको केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पिछली रैली के दौरान दिए गए बयान पर स्पष्टीकरण मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को शाह गोवा में रैली करेंगे, इस दौरान आप उनसे स्पष्टीकरण मांगे।
गोवा में तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा पर टीएमसी का हमला महादयी नदी के पानी को लेकर है, जो गोवा और कर्नाटक के बीच विवाद का कारण बना हुआ है। टीएमसी ने आलोचना करते हुए कहा कि गोवा भाजपा नेता पानी विवाद के बाद भी कर्नाटक में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
स्पष्टीकरण मांगे भाजपा नेता
टीएमसी के संयुक्त संयोजक सैमिल वॉल्वोइकर ने शुक्रवार को गोवा भाजपा नेताओं से कहा कि आपको केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पिछली रैली के दौरान दिए गए बयान पर स्पष्टीकरण मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल को शाह गोवा में रैली करेंगे, इस दौरान आप उनसे स्पष्टीकरण मांगे।
बैकफुट पर आई भाजपा
दरअसल, कर्नाटक के बेलगावी में एक रैली के दौरान शाह ने दावा करते हुए कहा था कि गोवा ने महादयी के पानी को कर्नाटक की तरफ मोड़ने के लिए सहमति दे दी है। इस वजह से गोवा में भाजपा बैकफुट पर आ गई थी। गोवा के कई नेताओं ने इस तरह के बयानों से इनकार भी किया था। वॉल्वोइकर ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और प्रदेश अध्यक्ष सदानंद शेट तनावडे को शाह से 16 अप्रैल को उनकी यात्रा के दौरान स्पष्टीकरण मांगना चाहिए। शाह 16 अप्रैल को गोवा के फरमागुडी में एक रैली को संबोधित करेंगे।
गोवा-कर्नाटक में पुराना विवाद
टीएमसी नेता ने कहा कि यह शर्मनाक है कि गोवा भाजपा नेता कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के मुद्दों में इस बार महादयी भी शामिल है। गोवा-कर्नाटक कई दशकों से महादयी नदी के पानी के बंटवारे को लेकर झगड़ते हैं। कर्नाटक पर गोवा अक्सर नियमों और समझौतों की अनदेखी का आरोप लगाता है।