टिकटॉक गर्ल पूजा चव्हाण की आत्महत्या के बाद संदेह के घेरे में आए महाराष्ट्र के वनमंत्री संजय राठौड़ के इस्तीफे की मांग पर राज्य सरकार के गोलमाल रवैये को लेकर भाजपा ने तंज कसा है। विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने पूजा चव्हाण प्रकरण की तुलना फिल्म 'नो वन किल्ड जेसिका' से की है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस प्रकरण को दबाने का प्रयास कर रही है। इस केस में पुलिस के पास भरपूर सबूत हैं, लेकिन कार्रवाई शून्य है।
फडणवीस ने कहा कि पूजा चव्हाण आत्महत्या मामले में पुलिस कुछ भी नहीं कर रही है। यह 'नो वन किल्ड जेसिका' जैसा मामला है। साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म 'नो वन किल्ड जेसिका' एक सच्ची घटना पर आधारित है। मॉडल जेसिका लाल को रेस्टॉरेंट में इसलिए गोली मार दी गई थी, क्योंकि उसने रात में रेस्टॉरेंट का समय खत्म होने के बाद ड्रिंक सर्व करने से मना कर दिया था। हत्यारे पर शराब के नशे से ज्यादा नशा इस बात का था कि वह मंत्री का बेटा है।
राठौड़ पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
पुणे में रह रही बीड जिला निवासी 22 वर्षीय पूजा चव्हाण की कथित आत्महत्या के प्रकरण में वन मंत्री संजय राठौड का नाम सामने आ रहा है। भाजपा की मांग है कि इस प्रकरण में संजय राठौड पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
क्या है पूरा मामला
पुणे में रह रही बीड जिले के परली की मूल निवासी 22 साल की पूजा चव्हाण ने 7 फरवरी रविवार की आधी रात को इमारत की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पूजा अपने भाई के साथ पुणे के हडपसर इलाके के महमंद परिसर में स्थित हैवन पार्क में रह रही थी। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि पूजा के संजय राठौड़ के साथ प्रेम संबंध थे। इस संबंध को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के पुलिस महानिदेशक हेमंत नागराले को 11 ऑडियो क्लिपिंग के साथ एक पत्र भेजकर इस घटना की जांच की मांग की थी। इसके बाद नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी राज्य सरकार से पूजा आत्महत्या मामले में रिपोर्ट तलब की है।