फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने रविवार को यूपी के वाराणसी में अभिनेत्री कृति सेनन से शादी रचाई। हजारों की तादाद में उमड़े प्रशंसक इसका गवाह बने लेकिन आप चौंकिए नहीं, यह सब कुछ फिल्मी है। शादी का यह सीन दरअसल टाइगर की उस ऐड फिल्म का हिस्सा है, जिसकी शूटिंग शनिवार से यहां चल रही है। शादी के जोड़े में सजे टाइगर और कृति ने छत पर मोबाइल पर वीडियो देखने का भी शॉट दिया। उनके बीच रोमांटिक सीन भी फिल्माए गए।
ऐड फिल्म की शूटिंग के लिए बनारस आए टाइगर श्रॉफ शनिवार को गायघाट की गलियों में दूल्हा बनकर निकले थे। इसकी शूटिंग राजमंदिर से लेकर त्रिलोचन घाट तक हुई थी। रविवार को वह गंगा तट पर शूटिंग करते नजर आए। शादी के लिए भव्य सेट तैयार किया गया था। सुबह शादी का सीन फिल्माया गया। इस दौरान सैकड़ों प्रशंसक टाइगर की झलक पाने उमड़े थे।
फिल्म यूनिट के लोगों ने बताया कि ईरोज प्रोडक्शन हाउस अपनी वेबसाइट का एड फिल्म शूट कर रहा है। टाइगर श्रॉफ इसमें शरारती बनारसी छोरा बने हैं। टाइगर इससे पहले अपनी फिल्म हीरोपंती के रिलीज होने से पहले बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने आए थे।