मलयेशिया में बढ़िया नौकरी, कंपनी का रूम, आने जाने के लिए गाड़ी का ख्वाब दिखाकर शहर के तीन युवकों से करीब पांच लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
इन लड़कों को नहीं पता कि वे किस देश में और कहां हैं। एक युवक की किसी तरह रामपुर में अपनी मां से बात हुई तो उसने बताया कि जंगलों में उनसे पत्थर तुड़वाए जाते हैं। खाना-पानी भी समय से नहीं मिलता। सोने के लिए रात में भुतहा बंगलों में छोड़ दिया जाता है।
बेटे से मिली जानकारी पर अफसर जहां नामक महिला ने गंज थाने में तहरीर देते हुए दो एजेंटों पर धोखाधड़ी कर रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है । अफसर जहां ने सरकार से अपने बेटे की घर वापसी में मदद की गुहार लगाई है।
शहर के मुहल्ला घेर मियां खां थाना गंज निवासी अफसर जहां के अनुसार 22 फरवरी 2016 को उनके घर पर मुहल्ला थाना टीन निवासी दो युवक आए थे। उन्होंने खुद को कम खर्चे में लड़कों को नौकरी के लिए विदेश भेजने वाला एजेंट बताया था।