प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास को बम से उड़ाने की धमकी के बाद शनिवार को पुलिस महकमे व सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरा मच गई। सूचना मिलते ही दोनों जगह कई घंटे तलाशी ली गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस सूचना देने वाले की तलाश कर रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे किसी ने फोन कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास को बम से उड़ा दिया जाएगा।
एनआईए ने इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को दी। इसके बाद बम निरोधक दस्ता, बम खोजी कुत्ते व भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को भी जांच में लगाया गया। दोनों जगह करीब दो से तीन घंटे तलाशी ली गई। तलाशी के बाद सूचना को झूठा करार दे दिया गया।