आईपीएल-9 में आज का मुकाबला टूर्नामेंट की 2 सबसे फिसड्डी टीमों के बीच था जिसमें धोनी ने करिश्माई बल्लेबाजी करते हुए टीम को अविश्सनीय जीत दिला दी।
विशाखापत्नम में खेले गए 53वें मुकाबले में जोरदार जंग देखने को मिली। किंग्स इलेवन पंजाब से जीत के लिए मिले 173 रनों के लक्ष्य को अंतिम गेंद पर छक्के के साथ राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस टीम ने 4 विकेट से जीत लिया। पुणे के कप्तान धोनी मैच के हीरो रहे जिन्होंने अंतिम ओवर में अक्षर पटेल में 23 रन बनाते हुए टीम को जोरदार जीत दिलाई। धोनी ने 32 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से अविजित 64 रनों की पारी खेली जिसमें अंतिम 2 गेंदों पर लगातार छक्के भी शामिल हैं।
पुणे को जीत के लिए अंतिम 2 गेंद पर 12 रन चाहिए थे जिसे धोनी ने बड़े शॉट खेलकर आसानी से हासिल कर लिया। इस जोरदार जीत के साथ ही पुणे खुद को फिसड्डी टीम कहलाने से बच गई और 14 मैचों से 5 जीत के साथ सातवें नंबर पर अपना अभियान खत्म किया। जबकि पंजाब को 8 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहना होगा।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन पंजाब ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 172 रन बनाए। उसकी ओर से कप्तान मुरली विजय ने 59 और गुरकीरत सिंह ने 51 रनों की उपयोगी पारियां खेली। कप्तान बनने के बाद मुरली की चौथी अर्धशतकीय पारी है। वहीं पुणे की ओर से आर अश्विन ने फॉर्म हासिल कर ही ली और अपनी टीम के अंतिम लीग मैच में 34 रन देकर 4 विकेट झटक लिए।