मेघालय डेमोक्रेटिक एलायंस (एमडीए) के थॉमस ए संगमा मेघालय विधानसभा के 11वें अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। गुरुवार को संगमा का चुनाव निर्विरोध हुआ। मेघालय के तीनों विपक्षी दलों कांग्रेस, टीएमसी और वॉयस ऑफ द पीपल्स पार्टी ने अपनी तरफ से कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया था। थॉमस 2008 से 2013 तक कांग्रेस के टिकट पर राज्यसभा से सांसद भी रह चुके हैं।
सोमवार को ही मेघालय डेमोक्रेटिक एलायंस (एमडीए) 2.0 सरकार का गठन हुआ था। एनपीपी के मुखिया कोनराड संगमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे थे। संगमा की सरकार को 45 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इनमें 26 नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी), 11 यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) और 11 अन्य विधायक हैं। जिनमें भाजपा, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (HSPDP) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक फ्रंट (PDF), के दो-दो विधायक हैं। दो निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार को समर्थन दिया है।
प्रोटेम स्पीकर टिमोथी डी शिरा ने चुनाव की प्रक्रिया पूरी करवाई। उन्होंने कहा, 'चूंकि विधानसभा के कार्यालय द्वारा केवल एक नामांकन पत्र प्राप्त किया गया था, इसलिए मैं थॉमस ए संगमा को स्पीकर घोषित करता हूं।' थॉमस के अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने खुशी जाहिर की। कहा कि उन्हें विश्वास है कि अध्यक्ष के रूप में वह सभी के साथ न्याय करेंगे।'
इस बीच मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने अपनी एनपीपी के लिए प्रमुख विभागों को बरकरार रखा है। राजनीतिक रूप से कम महत्वपूर्ण विभागों को गठबंधन सहयोगियों भाजपा, एचएसपीडीपी और यूडीपी को दिया गया है। संगमा ने अपने लिए वित्त, वन, राजनीतिक, कार्मिक, आईटी और खनन और भूविज्ञान विभाग रखे हैं। दो डिप्टी सीएम में से एक प्रेस्टन टायन्सॉन्ग को गृह, पीडब्ल्यूडी, जिला परिषद मामलों और संसदीय मामलों के विभाग आवंटित किए गए हैं। दूसरे डिप्टी सीएम स्निआवभलंग धर को शहरी मामलों, परिवहन, उद्योग और जेल और सुधार सेवाओं का प्रभार दिया गया है।
राज्य मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला एम अंपारीन लिंगदोह को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कानून, सूचना एवं जनसंपर्क और कृषि विभाग आवंटित किए गए हैं। भाजपा के एएल हेक को पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन, छपाई और स्टेशनरी और सचिवालय प्रशासन विभाग दिए गए हैं। यूडीपी के पॉल लिंगदोह को समाज कल्याण, पर्यटन, कला और संस्कृति विभागों का प्रभार दिया गया, जबकि उनकी पार्टी के सहयोगी किरमेन शायला को उत्पाद शुल्क, राजस्व और कानूनी मेट्रोलॉजी विभाग आवंटित किए गए। एचएसपीडीपी के शकलियर वारजरी को खेल और युवा मामले, श्रम, पंजीकरण और स्टाम्प विभाग सौंपे गए हैं।
NPP है मेघालय की सबसे बड़ी पार्टी
मेघालय विधानसभा चुनाव में कोनराड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। सूबे में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं। हालांकि, चुनाव 59 सीटों पर ही हुए हैं। एक सीट पर एक प्रत्याशी के निधन के चलते चुनाव रद्द हो गया था।
चुनाव में एनपीपी ने 26 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा के खाते में दो, यूडीपी को 11 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस को पांच-पांच सीटें मिली हैं। वाइस ऑफ द पीपल पार्टी के चार उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। पीडीएफ, एचएसपीडीपी को दो-दो सीटों पर जीत मिली है। दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की है।