देशभर में नए साल के स्वागत लिए लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया। युवा इसे लेकर ज्यादा उत्साहित नजर आए। लोग बड़े धूमधाम और मस्ती के माहौल के साथ
न्यू ईयर सेलिब्रेशन कर रहे हैं। शाम होते ही मॉल्स, होटल और रेस्टोरेंट में लोगों की भीड़ जुटने लगी। रविवार रात को ऐसे जोड़ों की भरमार रही जो पब एंड बार की ओर कदम बढ़ रहे थे। कहीं लोग खाने-पीने का लुत्फ उठा रहे थे तो कहीं कोई मल्टीप्लेक्स में फिल्म का आनंद उठा रहा था। हर तरफ मस्ती, उमंग और मदहोशी का आलम दिखा। नए साल के जश्र में युवाओं के जाम से जाम भी टकराते रहे।
नए साल के जश्र में कोई विघ्न न हो इसके लिए मॉल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
युवाओं ने वर्ष 2018 का स्वागत डांस और मस्ती से किया। रविवार शाम तक नए साल के जश्न पर और गहरा रंग चढ़ गया। जैसे ही घड़ी में रात के 12 बजे लोगों ने अपने-अपने तरीके से नए साल का स्वागत किया। कहीं केक काटकर तो कहीं म्यूजिक की धुन पर डांस कर एक दूसरे को नए साल की बधाइयां दी गईं। लोग इस पल को कैमरे में कैद करते रहे। शहर के पार्कों व सोसायटियों में भी नए साल की पूर्व संध्या पर कई कार्यक्रम हुए।
पढ़ें- जैसे ही 12 बजे सबकुछ भूलकर नए साल के जश्न में डूब गए लखनऊ वाले, देखें- खास तस्वीरें
रविवार सुबह से ही नए साल का जश्न शुरू हो गया था। मॉल को भी नए साल के जश्न के लिए सजाया गया था। छुट्टी का दिन होने से मॉल और बाजारों में भीड़ रही। सेक्टर-18, जीआईपी मॉल व डीएलएफ मॉल में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। शाम होते ही भीड़ और बढ़ गई। यहां तक की पार्किंग केलिए लोगों को जगह नहीं मिल रही थी। दिल्ली-एनसीआर केलोग भी नए साल की पार्टी के लिए नोएडा आए।