राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि देश के राजनीतिक दल युवाओं का भविष्य तय करते हैं, इसलिए उन्हें इस व्यवस्था का हिस्सा बनना चाहिए। उन्हें यह समझना चाहिए कि कोई दल उनके लिए क्या वायदे करके सत्ता में आया और आने के बाद उनके लिए किस तरह की नीतियां बना रहा है। यादव के मुताबिक देश की सरकार युवाओं के साथ धोखा कर रही है।
सरकार पर व्यंग करते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार हर साल देने की बात कही थी, आज वे उनसे पकौड़े बेचने की बात कह रहे हैं। युवाओं की देश की राजनीति में भूमिका विषय पर आयोजित एक सेमिनार में बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके पिता लालू यादव को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, लेकिन उनके पिता न पहले कभी डरे थे और न आज डरेंगे। वे जेल से पहले से ज्यादा मजबूत होकर निकलेंगे।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वे अठारह महीने तक बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे थे। जब तक उन्होंने कोई सवाल नहीं किया था, उनके ऊपर कोई आरोप नहीं लगे थे। लेकिन जैसे ही उन्होंने युवाओं की बात करनी शुरु कर दी, उन्हें तमाम मामलों में फंसाने की कोशिश की जाने लगी।
उन्होंने कहा कि यह सब केवल उन्हें डराने के लिए किया जा रहा है, लेकिन वे पहले की तरह अपने उद्देश्य पर अडिग रहेंगे और आगे भी गरीबों के मुद्दे उठाते रहेंगे। युवाओं को हमेशा सवाल पूछते रहना चाहिए और सवाल पूछने से डरना नहीं चाहिए क्योंकि युवाओं के सवालों से ही सरकार घेरे में खड़ी होती है।
आरजेडी ने दिल्ली में अपना राजनीतिक आधार बढ़ाने की कोशिश के मद्देनजर राजधानी के तीनों विश्वविद्यालयों दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय और जामिया मिलिया विश्वविद्यालय में छात्र संगठन चुनावों के लड़ने की घोषणा भी की।