देश में व्यापारियों के प्रमुख संगठन कैट ने कहा है कि व्यापारियों को चोरी का सामान खरीदने के नाम पर हमेशा प्रताड़ित किया जाता है। गैरजमानती धाराओं के होने की वजह से व्यापारी इनमें अपना बचाव भी नहीं कर पाते हैं। कैट के मुताबिक इन धाराओं के कारण पुलिस उनका हमेशा उत्पीड़न करती है। कैट ने गृहमंत्री से आईपीसी की 411 और 412 धाराओं को हटाने की मांग की है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि ये दोनों धाराएं पुरानी सोच पर आधारित हैं। इनमें किसी भी व्यापारी को बिना बात प्रताड़ित करने का पुलिस को अधिकार मिल जाता है। किसी व्यापारी के पास चोरी का सामान मिलने पर उसे सरकारी गवाह बनाया जाना चाहिए, न कि उसे ही अपराधी बनाकर जेल में भर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लेकिन अगर कोई व्यापारी जानबूझकर चोरी का सामान खरीद रहा है तो उस पर कड़ी कार्रवाई भी की जानी चाहिए। लेकिन ऐसा कानून नहीं होना चाहिए जिससे ईमानदार व्यापारियों को परेशान होना पड़े। उन्होंने गृहमंत्री से इन धाराओं को तत्काल खत्म करने के लिए ज्ञापन दिया है।