आगरा कैंट रेलवे स्टेशन स्थित दुर्घटना राहत कार्यालय में गुरुवार की सुबह मिले धमकी भरे पत्र से दहशत फैल गई। आईएसआई कमांडर मोहम्मद मिर्जा के नाम से भेजे गए पत्र में सदर बाजार और जनकपुरी में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। रेल कर्मियों ने इसकी जानकारी आरपीएफ और जीआरपी को दी। इसके बाद जीआरपी, सदर पुलिस और खुफिया एजेंसियां पड़ताल में जुट गई हैं।
स्टेशन पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सदर बाजार में भी चेकिंग कराई गई। कैंट स्टेशन के आउटर पर बने दुर्घटना राहत कार्यालय में कर्मचारी अमर सिंह ने सुबह 10 बजे दफ्तर खोला तो सफेद लिफाफा पड़ा था। इस पर हरे रंग के स्केच पैन से आईएसआई कमांडर मोहम्मद मिर्जा का नाम लिखा है। नीचे लिखा है कि कल सदर बाजार में तीन बम धमाके होने वाले हैं 7 पीएम से 8 बजे के बीच।
इसके बाद जनकपुरी होगी अगला निशाना। यह देखकर कर्मचारी अपने सेक्शन इंजीनियर को जानकारी दी। उन्होंने आरपीएफ और जीआरपी कैंट को पत्र के बारे में बताया। जीआरपी कैंट ने पत्र को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि पत्र में खत में कोड में भी कुछ लिखा है।