केंद्र सरकार आईपीएस दिनकर गुप्ता को राष्ट्रीय जांच एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया है। इसके साथ ही भारत सरकार ने आईपीएस स्वागत दास को विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), गृह मंत्रालय के पद पर नियुक्त किया है। वह वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक हैं।
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी दिनकर गुप्ता को गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का महानिदेशक नियुक्त किया गया। गुप्ता 1987 बैच के पंजाब कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने 31 मार्च, 2024, यानी उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख तक एनआईए के महानिदेशक के रूप में गुप्ता की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
एक अन्य आदेश में स्वागत दास को गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) नियुक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ कैडर के 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी दास वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक हैं। आदेश में कहा गया है कि दास को 30 नवंबर, 2024 तक पद पर नियुक्त किया गया है, जो उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख है।