भोपाल में बारिश का कहर, पानी में डूबी जीप
- फोटो : PTI
पिछले चौबीस घंटे के दौरान सात लोगों की मौत के बाद बाढ़ से प्रभावित मध्यप्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है तथा नौ लोग लापता हैं। राज्य के 35 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि भोपाल व जबलपुर में सबसे ज्यादा पांच-पांच मौतें हुई हैं। जबकि विदिशा में तीन और रायसेन, रीवा, सागर, मंडला, टीकमगढ़, सिवनी, दमोह, सीहोर व आगर मालवा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। बीते तीन दिनों से प्रदेश में हो रही बारिश के चलते हालात बिगड़े हुए हैं।