‘जर्नी’ प्रदर्शनी में पद्मिनी के उनके अलावा प्रसिद्ध चित्रकार दिपाली अपने रंगों के माध्यम से दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं। बेहतरीन रंगों का संयोजन किया है। कुछ नया प्रयोग करते रहना दीपाली जी की विशेषता है। इसी तरह से कमल देवनाथ के रंगों की छटा यहां बिखरी हुई है। उनके मनमोहक रंग, एकाएक ही दर्शकों को अपनी ओर खींचते हैं। स्कल्पचर (मूर्तिकला) के लिए प्रसिद्ध असुरवेद की मूर्ति कला को दूर से देखकर एक बारगी तो दर्शक, उंगली मुंह में दबा लेता है। बेहतरीन ढंग से तरासे गए मूर्तिकला को देखकर मन रोमांचित हो जाता है।
निवेदिता की पेंटिंग में दूर तक फैले रंगों का सामंजस्य देखते ही बनता है। पूरा कैनवास ही सजीव हो उठता है, उनके रंगों से। मानव मन और मानव चिंतन को दर्शाती शशि त्रिपाठी के चित्र आपको किसी ओर ही दुनिया में ले जाते हैं। उनका चिंतन और उनका मनन का विषय मानव मन और उनमें उमडते-घुमडते विचारों का कला रूप है। रंगों को सजीव ढंग से कैनवास पर उकेरकर विषय को समझाने में माहिर विजया वेद, की कलाकृतियां आपको प्रकृति और अध्यात्म को संग-संग लेकर चलती हैं। आपके मन में बरबस ही बहुत से खयाल आने लगते हैं, आंखों के रास्ते। हर रंग अपनी बात कहने में सक्षम है।
जर्नी प्रदर्शनी के संयोजक किशोर लाबर कहते हैं, यह प्रदर्शनी जर्नी की पहली यात्रा है। इसे 15 यात्राओं तक ले जाने का विचार है। इसके साथ-साथ बहुत सी गतिविधियों को जोड़ते हुए कला को और आगे ले जाना चाहते हैं। यह प्रदर्शनी 11 मई तक, चलेगी। अगर आपको भी रंग और कैनवास से प्यार है। कुछ नया देखने और आंखों की पुतलियों में नया रंग भरने की तमन्ना रखते हैं, तो आप स्टूडियो 55, कैफे एंड आर्ट गैलरी, सुंदर नगर जा सकते हैं।