चेन्नई की एक अभिनेत्री ने एक वरिष्ठ पत्रकार पर यौन उत्पीड़न और बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को फेसबुक पर एक आठ मिनट लंबा वीडियो डालकर अभिनेत्री ने अपनी बात सोशल मीडिया के सहारे कही। वीडियो में अभिनेत्री ने कहा कि पत्रकार प्रकाश एम स्वामी 2016 से उसे सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि एक बार अभिनेत्री के बेटे की पासपोर्ट संबंधी किसी मदद के लिए घर आए पत्रकार ने घर में ही उससे शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश भी की थी।
वहीं, स्वामी ने इन आरोपों को काल्पनिक बताते हुए कहा कि वह अभिनेत्री के घर कभी गए ही नहीं और न ही उन्होंने कभी अभिनेत्री के उत्पीड़न का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि एक खोजी पत्रकार होने के नाते वह एक खबर पर काम कर रहे हैं जो अभिनेत्री के खिलाफ है। इसलिए वह स्वामी पर ऐसे इल्जाम लगा रही हैं। स्वामी ने कहा कि वह सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में सारी जानकारी दुनिया के सामने लाएंगे।
वायरल हो चुके वीडियो में अभिनेत्री ने कहा कि स्वामी सबसे पहले अभिनेत्री के पति की मृत्यु के बाद उनसे हांगकांग में 2016 में मिले थे। तब स्वामी ने कहा था कि वह अभिनेत्री के बेटे के पासपोर्ट में आ रही दिक्कत का समाधान करने में सहायता करेंगे। अभिनेत्री ने कहा कि हालांकि उन्हें स्वामी के व्यवहार में गलत इरादे नजर आ रहे थे। अभिनेत्री ने कहा कि हाल ही में स्वामी उनके घर आए थे जहां उन्होंने उससे संबंध बनाने की कोशिश की।
अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि इसके बाद स्वामी ने उनको सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजे और बदनाम करने की धमकी दी। आरोप लगाया कि स्वामी ने अभिनेत्री पर ही पति की हत्या करने का आरोप भी लगाया। अभिनेत्री ने कहा कि वह पुलिस के पास भी गई थीं, लेकिन वहां उनकी शिकायत पर उन्हें केवल एक सामुदायिक सेवा प्रमाणपत्र देकर चलता कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शिकायत करने के बावजूद कोई एफआईआर नहीं लिखी गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायत में इंटरनेट पर उत्पीड़न की बात कही गई थी इसलिए शिकायत को साइबर सेल भेज दिया गया है। अभिनेत्री ने यह दावा भी किया जब से उन्होंने पत्रकार की असलियत दुनिया को बताई है कुछ और महिलाएं भी इन्हीं आरोपों के साथ सामने आई हैं। अभिनेत्री ने कहा, 'मुझे व्हाट्सएप पर और मैसेज के माध्यम से कई महिलाओं ने मुझसे संपर्क किया है। इनमें से कुछ तो विदेश से भी हैं। वह अपनी पहचान दुनिया के सामने नहीं लाना चाहती हैं। लेकिन इन महिलाओं की अनुमति के साथ मैं फिर पोस्ट करूंगी।'
बता दें कि प्रकाश भारत के कई मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं। उनकी फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक वह संयुक्त राष्ट्र के लिए संवाददाता, एमी अवार्ड्स में जज और अमेरिका तमिल संगम के अध्यक्ष हैं।