भारत ने थाईलैंड-कंबोडिया सैन्य संघर्ष के दौरान एक हिंदू देवता की प्रतिमा के विध्वंस पर गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसावल ने कहा कि ऐसे कृत्य वैश्विक भक्तों की भावनाओं को आहत करते हैं। भारत ने थाईलैंड और कंबोडिया से सीमा विवाद को संवाद और कूटनीति से सुलझाने तथा शांति बहाल करने का आग्रह किया है।
भारत ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सैन्य संघर्ष में एक हिंदू देवता की प्रतिमा के विध्वंस पर चिंता जताई है। भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसे अपमानजनक कृत्य दुनिया भर में भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। साथ ही उसने थाईलैंड और कंबोडिया दोनों से सीमा विवाद को बातचीत और कूटनीति के माध्यम से हल करने का आग्रह किया।
विज्ञापन
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हमें हाल ही में निर्मित एक हिंदू धार्मिक देवता की प्रतिमा के विध्वंस की खबरें मिली हैं, जो थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में स्थित थी। इस क्षेत्र के लोग हिंदू और बौद्ध देवी-देवताओं का गहन सम्मान करते हैं और उनकी पूजा करते हैं, क्योंकि यह हमारी साझा सभ्यतागत विरासत का हिस्सा है।
उन्होंने कहा, क्षेत्रीय दावों के बावजूद, इस तरह के अपमानजनक कृत्य दुनिया भर के अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए। हम एक बार फिर दोनों पक्षों से संवाद और कूटनीति की ओर लौटने, शांति बहाल करने और आगे किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि और संपत्ति एवं विरासत को होने वाले नुकसान से बचने का आग्रह करते हैं।
थाईलैंड और कंबोडिया संघर्ष के बारे में जाने
दोनों देशों में संघर्ष दिन-प्रतिदिन और बढ़ता ही जा रहा है। मीडिया रिपोर्टस की माने तो कंबोडिया ने ट्रक पर लगे BM-21 रॉकेट लॉन्चर तैनात किए हैं, जिनकी मारक दूरी 30 से 40 किलोमीटर तक है। एक लॉन्चर से एक बार में 40 रॉकेट दागे जा सकते हैं, लेकिन इन्हें सही निशाने पर दागना मुश्किल होता है। ज्यादातर रॉकेट ऐसे इलाकों में गिरे हैं, जहां से लोगों को पहले ही खाली करा लिया गया था। थाई अधिकारियों का कहना है कि कंबोडिया लगभग रोजाना हजारों रॉकेट दाग रहा है।
इसके साथ ही थाई सेना ने माना है कि उसके 15 सैनिक मारे गए हैं। उसका अनुमान है कि कम से कम 221 कंबोडियाई सैनिकों की मौत हुई है। हालांकि, कंबोडिया ने इस आंकड़े को गलत जानकारी बताया है और अभी तक अपने सैनिकों की मौत की कोई आधिकारिक संख्या नहीं दी है।