टीएमसी विधायक साबित्री मित्रा।
- फोटो : एक्स/@mitra_sabitri
पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में चल रही चर्चा के बीच पश्चिम बंगाल में टीएमसी की विधायक ने बेतुका बयान दिया। तृणमूल कांग्रेस की विधायक साबित्री मित्रा ने कहा कि आतंकवादी पर्यटकों को निशाना नहीं बनाते, तो पहलगाम हमला किसने किया?
मालदा जिले के मानिकचक से विधायक मित्रा ने रविवार को एक रैली में कहा कि आतंकी पर्यटकों को निशाना नहीं बनाते। आतंकवादियों की एक बड़ी योजना होती है और वे सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं। फिर पहलगाम में इतने सारे पर्यटकों को किसने मारा? उनकी पहचान क्या है? विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। समाचार एजेंसी पीटीआई और अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।
हालांकि बाद में विधायक मित्रा ने दावा किया कि उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया। उन्होंने कहा कि मेरा मतलब था कि पहलगाम हमले के असली दोषियों का पता लगाया जाना चाहिए ताकि बड़ी साजिश का पर्दाफाश हो सके और साजिशकर्ताओं की पहचान की जा सके। मेरा मतलब था कि पिछले रिकॉर्ड के आधार पर आमतौर पर आतंकवादी पर्यटकों को निशाना नहीं बनाते। फिर ऐसा कायराना हमला क्यों हुआ? इसके पीछे कौन था? राष्ट्रीय सुरक्षा के बारे में बात करते हुए मेरा यही कहना था।
भाजपा ने किया पलटवार
टीएमसी विधायक के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि उन्होंने दावा किया कि आतंकवादी कभी पर्यटकों को नुकसान नहीं पहुंचाते और वे हमेशा पर्यटकों का सम्मान करते हैं। यह अपमानजनक औचित्य पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर सामने आया है। पीड़ितों के साथ खड़े होने के बजाय वह आतंकवाद को छिपाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने पूछा कि क्या पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का यह रुख है। जिहादियों के प्रति सहानुभूति रखना जबकि निर्दोष भारतीय मारे जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि भारत आतंकवादियों के पक्ष में बोलने वालों को कभी माफ नहीं करेगा।
कांग्रेस ने विधायक को बताया राष्ट्र विरोधी
कांग्रेस ने भी विधायक साबित्री मित्रा को राष्ट्र-विरोधी करार दिया। कांग्रेस प्रवक्ता सौम्या ऐच रॉय ने पूछा कि आपने कहा कि कश्मीर में आतंकवादियों ने पर्यटकों को निशाना नहीं बनाया? इतना कुछ होने के बाद आप ऐसा कैसे कह सकते हैं?