पठानकोट की तर्ज पर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी हिंडन एयरबेस को निशाना बनाना चाहते थे। इस इनपुट के बाद हिंडन एयरबेस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन आतंकियों की दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने कल गिरफ्तार किया था।
खुफिया एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक एयरबेस को निशाना बनाने के लिए आतंकवादी लोनी और आस-पास, के अन्य इलाकों में रह रहे थे। उन्होंने हिंडन एयरबेस के आसपास के इलाकों की रेकी भी की थी। पुलिस को शक है कि पकड़े गए आतंकियों के साथ उनके कई साथी हो सकते हैं। पुलिस आतंकियों से उनके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
खुफिया विभाग के अनुसार पठानकोट हमले के बाद से ही हिंडन एयरबेस के आसपास के इलाके को हाई एलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली में जैश से जुड़े तीन आतंकियो के पकड़े जाने के बाद आईबी और अन्य खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला है कि हिंडन एयरबेस आतंकियों के निशाने पर है। स्थानीय प्रशासन और एयरफोर्स अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई है। जिसके बाद एयरबेस की सीमाओं के आसपास पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। एसपी सिटी सलमान ताज ने बताया कि हिंडन एयरबेस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।