दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में मिंट रोड स्थित भानुशाली इमारत ढहने से मलबे में दबकर मरने वालों की संख्या दस हो गई है। इस घटना में 17 वर्षीय एक किशोरी ने शुक्रवार को जेजे अस्ताल में दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं समेत दस लोगों की मौत हो चुकी है। इस हादसे में एक अज्ञात महिला का शव भी मिला है, जबकि दो लोग बुरी तरह घायल हैं। इमारत ढहने के 21 घंटे के बाद राहत व बचाव अभियान खत्म हो गया।
फोर्ट इलाके में पांच मंजिली इमारत भानुशाली का एक हिस्सा बृहस्पतिवार को शाम पौने पांच बजे ढह गया था। राहत व बचाव के दौरान शुरूआत में ही दो व्यक्तियों की मौत हो गई थी। वहीं, देर रात तक छह लोगों के शव मलबे से निकाले गए। बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में बचाव दल ने तीन और शव बाहर निकाले। बीएमसी ने हादसे के बाद राहत व बचाव दल को 11 लोगों के गायब होने की सूची दी थी। उसमें से 9 लोगों के शव मिले हैं और दो घायल है। घायलों में एक की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने इस इमारत के कुछ हिस्से को मरम्मत के लिए खाली करवाया था।