तेलंगाना पुलिस ने नगरकुर्नूल जिले से एक सीरियल किलर को गिरफ्तार किया था। जिस पर आरोप है कि उसने तेंलागाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के 11 लोगों की हत्या की थी। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि हैदराबाद से लगभग 130 किलोमीटर दूर नगरकुर्नूल के मूल निवासी रामति सत्यनारायण (47) ने छिपे हुए खजाने का पता लगाने के वादे पर 11 निर्दोष लोगों को धोखा देकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी लोगों को खजाना खोजने के नाम पर लुभाना था और उन्हें विश्वास दिलाना था कि वह पूजा करके ऐसा कर सकता है।
पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि पीड़ितों को झांसे में लागकर वह उनसे पैसे लेता या उनकी जमीन अपने नाम करवा लेता था। बाद में उन्हें अज्ञात स्थान में ले जाकर मार देता था। आरोपी 2020 से इस तरह के अपराधों में लिप्त है। अब तक, आरोपी ने 11 लोगों की हत्या कर दी है। पुलिस ने 26 नवंबर को एक महिला की शिकायत के बाद जांच शुरू की कि उसका पति नगरकुर्नूल में सत्यनारायण नामक व्यक्ति से मिलने के लिए हैदराबाद के लंगर हाउस स्थित अपने घर से निकला था, लेकिन पांच दिनों के बाद भी घर नहीं लौटा।
पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि जब महिला और उसके परिवार के सदस्य पुलिस के पास जाने से पहले अपने पति के बारे में जानने के लिए आरोपी से मिले, तो उसने उचित जवाब नहीं दिया। जांच करने वाले नगरकुर्नूल के पुलिस एसआई को आरोपी रामति सत्यनारायण का व्यवहार संदिग्ध लगा। पुलिस ने कहा कि आरोपी, नगरकुर्नूल में रियल एस्टेट का कारोबार करता था और हर्बल दवा के कारोबार से भी जुड़ा था। जांच के दौरान, विश्वसनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।