हैदराबाद में पासपोर्ट ऑफिस के पास कुर्मागुडा में मुथ्यालम्मा मंदिर की मूर्ति को कथित तौर पर खंडित किया गया है। मामले में महाकाली डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि स्थानीय लोगों ने मार्केट पुलिस स्टेशन के इलाके में एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। वहीं इस घटना की सूचना पर फिलहाल मौके पर पुलिस टीम पहुंची हुई है। मंदिर में कथित तोड़फोड़ के विरोध में, स्थानीय निवासियों ने सोमवार को मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिरासत में माधवी लता समेत कई भाजपा नेता
इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचीं भाजपा नेता माधवी लता ने भी स्थानीय लोगों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया। हालांकि इसके कुछ ही देर बाद पुलिस की तरफ से उन्हें और अन्य भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं हिरासत में लिए जाने से पहले भाजपा नेता माधवी लता ने कहा, जिसे चोरी करनी है, वह बैंक में जाएगा, न कि इतने छोटे मंदिर में, मूर्तियों को लूटकर उन्हें कुछ नहीं मिलेगा। यह डकैती लोगों की आस्था को चुराने के लिए की गई है।
मौके पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी
घटना की सूचना पर केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने सिकंदराबाद के मॉडल डिवीजन में कथित तौर पर मुथ्यालम्मा मंदिर में मूर्ति खंडित करने की घटना के बाद घटनास्थल का दौरा किया।
केंद्रीय मंत्री ने की मामले में कार्रवाई की मांग
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने कहा, आज सुबह करीब 4 बजे मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति ने मंदिर में प्रवेश किया और माता की मूर्ति को तोड़ने की कोशिश की। यह शर्मनाक है, कुछ लोगों ने उसे देखा, उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। वह चोरी करने नहीं आया था बल्कि हिंदू समाज का अपमान करने आया था। हैदराबाद में अलग-अलग जगहों पर ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, कुछ लोग जानबूझकर हैदराबाद में तनाव पैदा करने और हैदराबाद में सांप्रदायिक दंगे बढ़ाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। मैं इस मुद्दे को देखने के लिए सीएम से भी बात करूंगा। अब पुलिस कमिश्नर को मौके पर बुलाया गया है। इस पर विस्तृत जांच होनी चाहिए, आने वाले दिनों में हैदराबाद के सभी मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। जरूरत पड़ने पर पिकेट लगाए जाने चाहिए और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए।
घटना को भावनात्मक नजरिये से न देखें : कांग्रेस सांसद
घटना कोे लेकर कांग्रेस सांसद अनिल कुमार यादव ने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मूर्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है। मैं सभी लोगों से अपील करना चाहता हूं कि इसे भावनात्मक नजरिये से न देखें। वहीं सिटी टास्कफोर्स के डीसीपी वाईवीएस सुधींद्र ने कहा कि सुबह-सुबह मंदिर में घटना हुई। आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है और वह अस्पताल में है। मामला दर्ज कर लिया गया है। हम पूरी जांच करेंगे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। डीसीपी नॉर्थ जोन रश्मी पेरुमल ने कहा कि तुरंत हमारी टीमों ने प्रतिक्रिया दी और मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़ने में हमारी मदद की। सीसीटीवी जांच से पता चला है कि केवल एक व्यक्ति शामिल था और वह हमारी हिरासत में है। हम उस व्यक्ति के ठिकाने और पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
दो पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना
वहीं इससे पहले 12 अक्टूबर को हैदराबाद में भी इसी तरह की घटना की सूचना मिली थी। हैदराबाद के बेगम बाजार में नामपल्ली प्रदर्शनी मैदान में एक पूजा पंडाल में देवी दुर्गा की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, वह व्यक्ति एक बेघर व्यक्ति था जो भूखा था और भोजन की तलाश में उसने प्रसाद में गड़बड़ी कर दी, जिससे मूर्ति को नुकसान पहुंचा।