तेलंगाना में एक युवक ने सिर्फ इसलिए आत्महत्या कर ली, क्योंकि उसके परिजन उसे ऐशो-आराम की जिंदगी और लग्जरी कार नहीं दिला सके थे। जानकारी के मुताबिक, युवक ने पढ़ाई छोड़ दी थी, शराब के नशे में धुत रहता था और परिजनों से हर दिन तरह-तरह की डिमांड करता था।
तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में 21 साल एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, क्योंकि उसके पिता, जो खेत मजदूर के रूप में काम करते थे, अपनी वित्तीय स्थिति का हवाला देते हुए उसे एक लग्जरी कार खरीदने में असमर्थ थे। यह घटना 30 मई को चट्लापल्ली गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक अपने खेत में गया और वहां कोई जहरीली दवा पी ली। इसके बाद वह अपने घर लौटा और अपने माता-पिता को बताया कि उसने जहर खा लिया है। जिसके बाद परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान 31 मई को उसकी मौत हो गई।
मॉडर्न घर, लग्जरी कार समेत कई डिमांड
मामले में पुलिस ने बताया कि मृतक युवक ने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी और वह शराब की लत में भी पड़ गया था। उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था। वह अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ता रहता था और महंगी चीजों की मांग करता था, जैसे कि एक आधुनिक घर और लक्जरी कार। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके माता-पिता के पास सिर्फ दो एकड़ जमीन है और उनकी आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। उन्होंने बेटे को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना और बार-बार जिद करता रहा कि उसे लग्जरी कार ही चाहिए।
परिजन दिला रहे थे दूसरी कार, लेने से किया था इनकार
मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि, 30 मई को युवक के माता-पिता उसे सिद्दीपेट भी ले गए थे और वहां एक दूसरी कार खरीदने की बात कही, लेकिन युवक ने उसे भी ठुकरा दिया। फिर उसी दोपहर उसने जहर खा लिया और उसे बचाया नहीं जा सका।