देशभर में कोरोना वायरस बढ़ते मामलों के कारण सरकार व प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। इस बीच अपने लोगों को जानलेवा वायरस से बचाने के लिए तेलंगाना सरकार ने मंगलवार को अहम फैसला लिया है। दरअसल, सरकार ने राज्य में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। बता दें, नाइट कर्फ्यू रात नौ से सुबह पांच बजे तक अप्रैल के अंत तक लागू रहेगा।
हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था निर्देश
गौरतलब है कि सोमवार को तेलंगाना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया था कि अगले 48 घंटों में राज्य में लॉकडाउन या कर्फ्यू लागू किया जाए। कोर्ट ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सरकार अगले 48 घंटों के भीतर कार्रवाई नहीं करती है, तो अदालत इसके बारे में आदेश पारित करेगी। नाइट कर्फ्यू के दौरान अस्पतालों, डायग्नोस्टिक लैबों, फार्मेसियों को छोड़कर सभी कार्यालय, फर्म, दुकानें, प्रतिष्ठान और रेस्तरां आदि आठ बजे बंद हो जाएंगे।
तेलंगाना में कोरोना का कहर
तेलंगाना में कोरोना महामारी के 5 हजार 926 नए मामले सामने आए हैं जो राज्य में एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। राज्य में अभी तक 3.61 लाख से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं। वहीं, संक्रमण से और 18 लोगों की मौत होने के साथ ही मरने वालों की संख्या एक हजार 856 हो गई है।
सरकार द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 19 अप्रैल रात आठ बजे तक ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) में सबसे ज्यादा 793 नए मामले आए हैं, मेडचल मल्काजगिरी में 488 और रंगारेड्डी में 455 नए मामले आए हैं। राज्य में अभी तक कुल 3 लाख 61 हजार 359 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
राज्य में एक दिन में 2 हजार 29 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। साथ ही यहां अभी तक कुल 3 लाख 16 हजार 650 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। इसके अलावा प्रदेश में 42 हजार 853 लोगों का इलाज चल रहा है। सोमवार को 1.22 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की गई। बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अभी तक 1.19 करोड़ से ज्यादा नमूनों की जांच की गई है।