बस हादसे में बचे एक यात्री ने बताया कि 'मैं हैदराबाद से बंगलूरू जा रहा था। सुबह करीब 3 बजे एक बाइक हमारे सामने आ गई, जिसे बस ने टक्कर मारी और बस बाइक को घसीटते हुए ले गई। इससे निकली चिंगारी से बस में आग लग गई।'
आंध्र प्रदेश के कुरनूल में हुए बस हादसे में मारे गए राज्य के लोगों के परिजनों को तेलंगाना सरकार ने मुआवजा देने का एलान किया है। तेलंगाना सरकार के एलान के मुताबिक हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने बताया कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के निर्देशों के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों को भी दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
विज्ञापन
घायलों को दी जाएगी बेहतर चिकित्सा देखभाल
प्रभाकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में बताया कि सरकार घायलों को बेहतर चिकित्सा देखभाल देने के लिए भी कदम उठाएगी। हैदराबाद से बंगलूरू जा रही एक प्राइवेट बस में शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक दोपहिया वाहन से टकराने के बाद आग लग गई, जिससे 20 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मारे गए लोगों के शव इतनी बुरी तरह से जल गए हैं कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल है।
घायल यात्री ने बताया कैसे हुआ हादसा
बस हादसे में बचे एक यात्री ने बताया कि 'मैं हैदराबाद से बंगलूरू जा रहा था। सुबह करीब 3 बजे एक बाइक हमारे सामने आ गई, जिसे बस ने टक्कर मारी और बस बाइक को घसीटते हुए ले गई। इससे निकली चिंगारी से बस में आग लग गई और देखते ही देखते बस में धुआं भर गया। लोग जान बचाने के लिए आपात द्वार से निकले और जैसे ही वे लोग बाहर आए, तब तक पूरी बस ने आग पकड़ ली।'
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कुरनूल के जिला प्रशासन ने बस हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने कलेक्ट्रेट- 08518-277305, कुरनूल जनरल अस्पताल-9121101059, कंट्रोल रूम-9121101061 और पुलिस कंट्रोल रूम- 9121101075 का नंबर जारी किया है।