नशे की लत और इसका हद से ज्यादा सेवन किसी भी शख्स की सोचने की क्षमता को खत्म कर देता है और उसे हैवान बना देता है। ताजा मामला तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के केसमुद्रम इलाके का है जहां नशे में धुत एक शख्स जिंदा मुर्गी को ही खा गया। एक राहगीर ने इस पूरी घटना को अपने कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो युवक नशे में चूर हैं जिनमें से एक जमीन पर ही सोया हुआ तो दूसरा जिंदा मुर्गी को चबा-चबा कर खा रहा है। रूह कंपा देने वाले इस वीडियो में शख्स मुर्गी के पंख उखाड़ता है और उसे बीच से फाड़ देता है।
दरअसल नशा करने से पहले इन दोनों ने इस मुर्गी को सामान्य तरीके से पकाने के लिए खरीदा था लेकिन नशे में धुत होने के बाद एक शख्स अपनी भूख पर काबू नहीं रखा पाया और मुर्गी को जिंदा ही खा गया।
हालांकि वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस युवाओं को ढूंढ रही है। पुलिस ने एक टीम भी बनाई है और पशुओं के प्रति क्रूरता और सार्वजनिक रूप से अश्लील व्यवहार के तहत मामले की जांच कर रही है।