तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सीएम बनने के बाद अपनी सरकार के दो बड़े फैसले किए। उन्होंने शपथग्रहण के बाद दो फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इनमें पहला कांग्रेस के घोषणापत्र में की गई छह चुनावी गारंटियों को निभाने की फाइल थी। वहीं, दूसरी फाइल दिव्यांग महिलाओं को नौकरियां मुहैया कराने से जुड़ी है।
सी दामोदर राजानरसिम्हा, कोमातिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने तेलंगाना में मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा सुरेश कोंडा, पोगुलेती श्रीनिवास रेड्डी को भी रेवंत कैबिनेट में शामिल किया गया है।
तेलंगाना में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के कैबिनेट में कई मंत्रियों को जगह दी गई है। इनमें भट्टी विक्रमार्क को डिप्टी सीएम बनाया गया है। इसके अलावा उत्तम कुमार रेड्डी, श्रीधर बाबू ने भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
रेवंत रेड्डी के मुख्यमंत्री पद के शपथग्रहण के लिए कांग्रेस के सभी बड़े नेता मंच पर पहुंच चुके हैं। सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी भी इस दौरान मंच पर ही दिखे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के रूप में रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह से पहले लोक कलाकारों ने हैदराबाद के एलबी स्टेडियम के बाहर नृत्य किया।
तेलंगाना: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तेलंगाना के मनोनीत मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए होटल से रवाना हुए।
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिव कुमार तेलंगाना के मनोनीत मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए हैदराबाद पहुंचे। उन्होंने कहा, "मैं तेलंगाना की जनता को धन्यवाद करता हूं, हमने जो वादे किए हैं हम उन्हें पूरा करेंगे..."
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शामिल होने की उम्मीद है।
कुछ रिपोर्ट्स में अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के निर्वाचित विधायक एवं पिछली विधानसभा में सीएलपी नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कुछ अन्य उपमुख्यमंत्री पद के रूप में शपथ ले सकते हैं। विधानसभा के सदस्यों की संख्या मुताबिक तेलंगाना में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं।
कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी मनोनीत सीएम रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए हैदराबाद पहुंचे। उन्होंने कहा, "आज रेवंत रेड्डी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे जिससे हम सब बहुत खुश हैं। ये सबकी मेहनत का फल है। तेलंगाना को केसीआर के राज से मुक्ति मिली है, हमें भरोसा है कि तेलंगाना नई तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा।"
तेलंगाना में नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शपथग्रहण के लिए कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी गुरुवार सुबह हैदराबाद पहुंच गए। खुद रेवंत रेड्डी और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका हैदराबाद एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
राज्य के एकमात्र सीपीआई विधायक कुनामनेनी संबाशिव राव ने कहा कि सीपीआई महासचिव डी राजा रेवंत रेड्डी के निमंत्रण पर समारोह में शामिल होंगे। सीपीआई ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। शपथ ग्रहण समारोह में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के भी शामिल होने की संभावना है। रेवंत रेड्डी सरकार गठन पर कांग्रेस हाईकमान के साथ चर्चा करने और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने के लिए मंगलवार रात दिल्ली पहुंचे। बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ चर्चा की और देर रात हैदराबाद लौट आए।
रेवंत रेड्डी की राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से हुई। उन्होंने महबूबनगर के मिडजिल में 2006 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जिला परिषद क्षेत्रीय परिषद का चुनाव जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था। उस समय कांग्रेस प्रदेश में अपने चरम पर थी। 2009 में वह कोडांगल से टीडीपी के टिकट पर जीत दर्ज करते हुए पांच बार के विधायक गुरुनाथ रेड्डी को हराया था।
वहीं, राज्य की मुख्य सचिव ए शांति कुमारी, डीजीपी रवि गुप्ता ने बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम स्थल का दौरा भी किया। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में करीब एक लाख लोग शामिल हो सकते हैं। डीजीपी रवि गुप्ता ने कहा कि समारोह के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि जनता को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले कुछ वीवीआईपी राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरेंगे, जबकि अन्य बेगमपेट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे और उनकी सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
रेवंत रेड्डी के शपथग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी दिल्ली से हैदराबाद रवाना हो गए। माना जा रहा है कि दोपहर तक रेवंत सीएम पद की शपथ ले सकते हैं।
तेलंगाना में रेवंत रेड्डी के शपथग्रहण से पहले उनके पोस्टर्स राज्य में हर जगह लगा दिए गए हैं।
हाल ही में संपन्न हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में केसीआर की पार्टी बीआरएस को हार का सामना करना पड़ा है। जबकि रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 64 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है और राज्य में पहली बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने लोगों को समारोह में भाग लेने के लिए खुला निमंत्रण दिया है। उन्होंने दावा किया है कि सात दिसंबर को 'जनता की सरकार' सत्ता संभालेगी और राज्य के लोगों को लोकतांत्रिक और पारदर्शी शासन देगी।
Telangana Chief Minister Revanth Reddy Oath Taking Ceremony Live: कांग्रेस नेता अनुमुला रेवंत रेड्डी आज तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। हैदराबाद के एलबी स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन दोपहर 1.04 बजे 56 वर्षीय नेता रेवंत रेड्डी को सीएम पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। साल 2014 में पृथक तेलंगाना के गठन के बाद रेवंत रेड्डी राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। वह निवर्तमान मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की जगह लेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के निर्वाचित विधायक और पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता मल्लू भट्टी विक्रम अर्का के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।