तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (फाइल)
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को कहा कि वे भारत में संविधान को फिर से लिखने के लिए मुहिम चलाएंगे और इसके लिए वे देश के कई नेताओं से मुलाकात करेंगे एवं अपनी बात उनसे साझा करेंगे। तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) के प्रमुख ने बताया कि उन्होंने अन्य नेताओं से बात करना भी शुरू कर दिया है और जल्द ही देश के लिए लड़ने की घोषणा करेंगे। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेलंगाना के सीएम ने कहा कि हमें भारत में एक नए संविधान का मसौदा तैयार करने की जरूरत है। अब भारत में संविधान को फिर से लिखने की जरूरत है। मैं सभी नेताओं से मिलूंगा और उनके साथ अपनी बात रखूंगा और उनसे पूछूंगा। मेरे साथ लड़ने के लिए।
इस देश के युवाओं को अपनी जरूरत के लिए ऊपर उठने और लड़ने की जरूरत
केसीआर ने कहा कि इस देश के युवाओं को अपनी जरूरत के लिए ऊपर उठने और लड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए प्रतिक्रिया करने का समय है। अब क्रांति की बहुत ज्यादा जरूरत है। हम जल्द ही देश के लिए काम करेंगे और बहुत जल्द घोषणा करेंगे।
उद्धव ठाकरे से जल्द मिलेंगे: केसीआर
तेलंगाना के सीएम ने यह भी बताया कि वे इस मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ-साथ देश के अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे और जल्द ही देश के लिए लड़ने की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री पद की लड़ाई नहीं है बल्कि देश में बदलाव की जरूरत है। टीआरएस अध्यक्ष ने कहा वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर यह तय करेंगे कि आगे क्या किया जाना चाहिए? केंद्र पर परोक्ष हमला करते हुए मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा हम चुप नहीं रहेंगे और देश को इन नासमझ नेताओं और पार्टियों से मुक्त होना चाहिए।
हां हमलोग एक महीना से काम कर रहे: संजय राउत
वहीं इस मामले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हम पिछले एक महीने से काम कर रहे हैं और 2024 का चुनाव एक साथ लड़ने के लिए सभी विपक्षों का एक अलग संगठन (गठबंधन) बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा संजय राउत ने बजट को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बजट से मध्यम वर्ग और गरीबों को क्या मिला है? बजट भ्रामक है, एक 'जुमला', 'गोलमाल', और एक टाइम-पास। फ्लॉप फिल्म है।
हम केसीआर को कन्याकुमारी से तीन महासागरों में भी डुबो देंगे: डॉ. रामदास अठावले
सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री डॉ. रामदास अठावले ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री का भाजपा को बंगाल की खाड़ी में फेंकने वाला बयान अच्छा नहीं है। हम उन्हें कन्याकुमारी से तीन महासागरों में भी डुबो देंगे।