तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने रविवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक जनसभा के दौरान किसानों के हालातों को लेकर भाजपा और कांग्रेस पर बिना नाम लिए जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीते 75 सालों में देश पर मुख्य रूप से दो दलों ने शासन किया। बावजूद इसके अभी तक किसानों की हालत में सुधार नहीं हुआ। किसानों के लिए जैसे हालात तब थे वैसे ही आज भी हैं। इस दौरान केसीआर ने किसानों से साथ आने का आह्वान करते हुए एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) महाराष्ट्र में पंचायत चुनाव लड़ेगी। इसके लिए बीआरएस के नेता महाराष्ट्र के गांवों का दौरा करेंगे और सदस्यता अभियान चलाएंगे।
केसीआर ने रैली को किया संबोधित
औरंगाबाद से करीबन 214 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले की लोहा तहसील में एक रैली को संबोधित करते हुए भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख और तेलंगाना के सीएम ने महाराष्ट्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा राज्य में केवल एक बार जनसभा करने के बाद महाराष्ट्र की सरकार ने प्रत्येक किसान को प्रति वर्ष 6,000 रुपये देने का प्रावधान अपने बजट में किया। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि यह पहले क्यों नहीं किया गया? उन्होंने आगे कहा कि यह सहायता आग पर पानी छिड़कने की तरह है। महाराष्ट्र सरकार से मांग करते हुए केसीआर ने कहा कि हम चाहते हैं कि किसानों को प्रति एकड़ 10,000 रुपये दिए जाएं। ताकि वे इन रुपयों का उपयोग कृषि गतिविधियों में कर सके।
देवेंद्र फडणवीस पर साधा निशाना
जनसभा में अपने संबोधन के दौरान केसीआर ने भाजपा नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर उनके बयान को लेकर निशाना साधा। तेलंगाना के सीएम ने कहा कि मैं फडणवीस से 24 घंटे पानी, किसानों के लिए मुफ्त बिजली और उनकी उपज खरीदने की अपील करता हूं। अगर वे ऐसा कर देते हैं तो मैं महाराष्ट्र आना बंद कर दूंगा। दरअसल, देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि के चंद्रशेखर राव को महाराष्ट्र की बजाय तेलंगाना पर ध्यान देना चाहिए।
किसानों से की साथ आने की अपील
अपने संबोधन में राव ने किसानों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब आपने अतीत में अपनी शक्ति दिखाई थी, तो शासकों को माफी मांगनी पड़ी थी। हमें धर्म के आधार पर विभाजित नहीं होना चाहिए, बल्कि किसानों के रूप में एकजुट होना चाहिए।
उन्होंने कोयले और पानी जैसे प्राकृतिक संसाधनों के अधिकतम और स्मार्ट उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम 75,000 टीएमसी में से केवल 19,000 टीएमसी पानी का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन बाकी बंगाल की खाड़ी में बह जाता है। हमारे पास पर्याप्त कोयला है जो देश को अगले 125 वर्षों तक बिजली प्रदान कर सकता है। इसके बावजूद, किसानों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
तेलंगाना में हमने सुधारी किसानों की स्थिति- केसीआर
उन्होंने दावा किया कि उनके अधीन तेलंगाना सरकार ने वर्षों में किसानों की स्थिति में सुधार किया है। केसीआर ने कहा कि करीबन आठ-नौ साल पहले, तेलंगाना की हालत खराब थी। किसान बड़ी संख्या में आत्महत्या कर रहे थे। लेकिन हमने शासन को बदल दिया और किसानों के हित में काम किया। केसीआर ने कहा कि यदि तेलंगाना सुधार कर सकता है तो महाराष्ट्र जैसा राज्य जिसके पास अधिक संसाधन हैं, वह सुधार क्यों नहीं कर सकता?