तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को संविधान निर्माता की जयंती 14 अप्रैल के अवसर पर बीआर अंबेडकर की 125 फीट ऊंची प्रतिमा का उद्घाटन करने का फैसला किया। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, मुख्यमंत्री ने अंबेडकर की प्रतिमा एवं नए सचिवालय भवन परिसर के उद्घाटन और अन्य मुद्दों को लेकर मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में तय हुआ कि उद्घाटन के दौरान अंबेडकर की प्रतिमा पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर को कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया कि अंबेडकर के नाम पर बने नए तेलंगाना सचिवालय भवन परिसर का उद्घाटन 30 अप्रैल को होगा। उद्घाटन कार्यक्रम पंडितों द्वारा तय किए गए शुभ मुहूर्त के अनुसार आयोजित किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राज्य की मुख्य सचिव शांति कुमारी को 'गृह लक्ष्मी' योजना के लिए जल्द से जल्द रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया। योजना के तहत, तीन लाख रुपये उन लोगों को प्रदान किए जाएंगे जो अपने स्वयं के आवासीय भूखंड में घर बनाना चाहते हैं।
11 एकड़ जमीन पर स्थापित की जा रही अंबेडकर की प्रतिमा
बीआर अंबेडकर की प्रतिमा 11 एकड़ जमीन पर स्थापित कराई जा रही है। प्रसिद्ध मूर्तिकार एवं आर्किटेक्ट राम वी सुतार और महाराष्ट्र के अनिल सुतार ने उनकी प्रतिमा को डिजाइन किया है। 2016 में शुरू की गई इस परियोजना में लगभग 145 करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद है। प्रतिमा के लिए इस्तेमाल किया गया पत्थर आगरा, नोएडा और जयपुर से मंगवाया गया था। प्रतिमा को बनाने में करीब 150 और 110 टन स्टील और कांसे का इस्तेमाल किया गया है।
पर्यटकों के लिए अंबेडकर की प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र
तेलंगाना शहीद स्मारक और हुसैन सागर में बुद्ध की मूर्ति के साथ-साथ अब अंबेडकर की प्रतिमा भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा विजयवाड़ा में भी अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। सरकार 175 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित करने की प्रक्रिया में है। हालांकि इस साल 14 अप्रैल को इसका उद्घाटन करने की योजना थी, लेकिन काम अभी भी पूरा नहीं हुआ है और मूर्ति को तैयार होने में कुछ महीने और लग सकते हैं।