तेलंगाना में के सी राव ने ली सीएम पद की शपथ
तेलंगाना राष्ट्र समिति के प्रमुख के. चन्द्रशेखर राव ने बृहस्पतिवार को लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्य में समयपूर्व, सात दिसंबर को हुए विधानसभा चुनाव में राव की पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। केसीआर के नाम से लोकप्रिय राव को राजभवन परिसर में आयोजित सादे समारोह में राज्यपाल ई. एस. एल. नरसिम्हन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
राव के साथ पार्टी एमएलसी मोहम्मद महमूद अली ने भी बतौर मंत्री पद की शपथ ली। अली पूर्ववर्ती टीआरएस सरकार में उपमुख्यमंत्री थे। पार्टी के नव-निर्वाचित विधायकों ने बुधवार को सर्वसम्मति से राव को विधायक दल का नेता चुना।
राज्य में 119 विधानसभा सीटों के लिए सात दिसंबर को हुए चुनाव में टीआरएस को 88 सीटें मिली हैं। वहीं कांग्रेस की अगुवाई में बना ‘प्रजा कुटमी’ गठबंधन केवल 21 सीटें ही जीत पाया। राज्य में भाजपा को केवल एक ही सीट मिली है।
इस बार टीआरएस ने राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ा था। उनके खिलाफ कांग्रेस-टीडीपी-वामदलों का मजबूत गठबंधन खड़ा था लेकिन केसीआर के तूफान में सभी उड़ गए। इसके अलावा टीआरएस समर्थक असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने भी हैदराबाद में जबरदस्त प्रदर्शन किया।
सीएम केसी राव ने समय से 9 महीने पहले ही विधानसभा चुनाव कराने का दांव चला था जो पूरी तरह सफल रहा। पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए बाकी दलों को हाशिए पर धकेल दिया।