पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में सीबीआई के आने की भनक पाने पर बरन्या से तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीबन कृष्ण साहा ने अपने दो मोबाइल तालाब में फेंक दिए थे। सीबीआई ने उनमें से एक मोबाइल 32 घंटों की तलाशी के बाद बरामद कर लिया है। लेकिन उनका दूसरा मोबाइल अभी तक नहीं मिला है, उसकी तलाश जारी है।
सीबीआई विधायक से लगातार पूछताछ कर रही है। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने शुक्रवार दोपहर जीबनकृष्ण के घर पर छापा मारा था। तभी उसने अपने दोनों मोबाइल घर के बगल वाले तालाब में फेंक दिए थे। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, मोबाइल को डाटा रिकवरी के लिए हैदराबाद स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक टीम को भेजा जाएगा।
आखिर मोबाइल में ऐसा क्या है कि उसे तालाब में फेंकने की जरूरत पड़ी, इस सवाल का जवाब जानने के लिए जांच एजेंसी के अधिकारी विधायक से लगातार पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन सूत्र बताते हैं कि अगर जांच एजेंसी इसका डाटा रिकवर कर पाई तो कई बड़े लोगों के नाम उसमें से निकल सकते हैं। इसलिए विधायक ने मोबाइल तालाब में फेंक दिए।
सूत्र बताते हैं कि इस बात पर भी चर्चा चल रही है कि क्या कई घंटों बाद तालाब से मोबाइल निकालने के बाद मोबाइल डाटा को रिकवर करना संभव है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, मोबाइल को डाटा रिकवरी के लिए हैदराबाद स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक टीम को भेजा जाएगा। इस बीच, जीबन कृष्ण जो कि अभी भी घर के अंदर हंै, उनसे फिर पूछताछ होगी।