तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी ने शुक्रवार को कहा था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से सरकारी शराब खुदरा विक्रेता ‘टीएएसएमएसी’ में 1000 करोड़ रुपये के घोटाले का दावा निराधार है। यह एक सामान्य आरोप है। सरकार कानूनी रूप से इस मामले का सामना करने के लिए तैयार है।
राज्य सरकार के स्वामित्व वाली शराब कंपनी तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) में कथित घोटाले को सियासत जोरों पर है। भाजपा ने मामले में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बीच कथित TASMAC घोटाले को लेकर भाजपा के विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस ने चेन्नई में राज्य भाजपा प्रमुख के. अन्नामला, भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन को समेत कई दिग्गजों को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान बीजेपी नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, 'वे मुझे मेरे घर से गिरफ्तार कर रहे हैं... मैं अलग से नहीं जाऊंगी। मैं चाहती हूं कि हर कोई मेरे साथ आए...।'
विज्ञापन
भाजपा ने कथित 1,000 करोड़ रुपये की अनियमितताओं के खिलाफ शहर में टीएएसएमएसी मुख्यालय पर धरना देने का एलान किया था। इस कथित घोटाले के बारे में हाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दावा किया था। काली शर्ट पहने अन्नामलाई को पुलिस ने उनके समर्थकों के साथ उनके घर के पास से हिरासत में लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि तमिलिसाई सुंदरराजन सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को पुलिस ने घर में नजरबंद कर दिया है।
जिन अन्य पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया, उनमें पार्टी की महिला मोर्चा प्रमुख एवं कोयंबटूर दक्षिण विधायक वनथी श्रीनिवासन, पार्टी नेता विनोज पी सेल्वम और अमर प्रसाद रेड्डी शामिल हैं। अन्नामलाई ने कहा कि टीएएसएमएसी में 1000 करोड़ रुपये की अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले पर विरोध जारी रखेगी।
विज्ञापन
ईडी ने पहले कहा था कि उसे टीएएसएमएसी के प्रबंधन में कई अनियमितताएं मिली हैं, जिसमें निविदा प्रक्रियाओं में हेरफेर और डिस्टिलरी कंपनियों के माध्यम से 1,000 करोड़ रुपये के बेहिसाब नकदी लेनदेन शामिल हैं। संघीय एजेंसी ने दावा किया था कि छह मार्च को टीएएसएमएसी के कर्मचारियों, डिस्टिलरी के कार्यालयों और संयंत्रों पर छापेमारी के बाद उसे ‘सबूत’ मिले।
सेंथिल बालाजी सफाई
इससे पहले तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी ने शुक्रवार को कहा था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से सरकारी शराब खुदरा विक्रेता ‘टीएएसएमएसी’ में 1000 करोड़ रुपये के घोटाले का दावा निराधार है। यह एक सामान्य आरोप है। सरकार कानूनी रूप से इस मामले का सामना करने के लिए तैयार है। आबकारी मंत्री ने कहा कि राज्य के स्वामित्व वाली शराब कंपनी तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) पारदर्शिता के साथ काम करती है।
टीएएसएमएसी का तमिलनाडु में शराब व्यापार पर पूर्ण एकाधिकार
सरकार द्वारा संचालित टीएएसएमएसी का तमिलनाडु में शराब व्यापार पर पूर्ण एकाधिकार है और यह थोक विक्रेता है। यह राज्य भर में शराब की दुकानें संचालित करता है। ईडी ने टीएएसएमएसी से शराब की अधिक आपूर्ति का ऑर्डर हासिल करने के लिए रिश्वत दिए जाने का आरोप लगाया था। सेंथिल बालाजी ने कहा कि यह आरोप अस्वीकार्य है।