तमिलनाडु सरकार ने मंगलवार को अभिनेता-राजनेता विजय की करुर में हुई रैली के दौरान नियमों का उल्लंघन दिखाते हुए वीडियो जारी किए। सरकार का कहना है कि रैली में आए लोगों की संख्या अनुमान से दोगुनी थी, जिससे बड़ी असुविधा हुई।
यह भी पढ़ें -
Karur Stampede: 'मेरे खिलाफ करें कार्रवाई, लेकिन कार्यकर्ताओं को परेशान...', विजय ने सीएम स्टालिन से की अपील
'छत पर चढ़ते दिखाई दिए टीवीके के कार्यकर्ता'
सरकारी प्रवक्ता और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पी. अमूथा, स्वास्थ्य सचिव सेन्थिल कुमार और एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर एस. डेवासिरवथम ने सचिवालय में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान वीडियो और फोटो जारी किए। इन वीडियो में दिखाया गया कि टीवीके के कार्यकर्ता छत पर चढ़ते दिखाई दिए, जो नियमों के खिलाफ था। सरकार ने कहा कि इस तरह के उल्लंघन और बड़ी भीड़ से सुरक्षा और व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा।
टीवीके कार्यकर्ताओं ने नियम तोड़े- सरकार
मामले में अधिकारियों ने बताया कि रैली में आए अनुमानित 10,000 लोगों की संख्या दोगुनी होकर 25,000 से ज्यादा हो गई, जिससे कई कठिनाइयां पैदा हुईं। सरकार ने वीडियो दिखाकर स्पष्ट किया कि टीवीके कार्यकर्ताओं ने दुकानों और घरों की छत पर चढ़कर नियम तोड़े। रैली के लिए चुनी गई जगह, करूर राउंडताना, पेट्रोल पंप और गंदे नाले के पास होने के कारण मंजूर नहीं की गई थी।
यह भी पढ़ें -
करूर भगदड़: 'रैली के लिए मांगी थी अनुमति, नियमों के अनुसार ही आयोजित हुआ था कार्यक्रम', टीवीके के वकील का बयान
भीड़ बढ़ने से जनरेटर और लाइट की व्यवस्था प्रभावित हुई
एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) डेवासिरवथम ने बताया कि पुलिस ने विजय को निर्धारित स्थान से 50 मीटर पहले रुकने के लिए कहा, लेकिन आयोजकों ने ऐसा नहीं किया। भीड़ बढ़ने से जनरेटर और रोशनी प्रभावित हुई। वहीं स्वास्थ्य सचिव पि. सेंथिलकुमार ने कहा कि भीड़ के गर्मी से प्रभावित होने और डिहाइड्रेशन के कारण कई लोग अस्पताल गए। रैली और उसके बाद के कार्यक्रमों में सड़क हादसों में भी लोग घायल हुए। करूर में 114 लोग घायल हुए, जबकि विलुपुरम में 42, मदुरै में 14 और तिरुचिरापल्ली में 12 घायल हुए। वहीं सरकार ने अफवाह फैलाने और हिंसा भड़काने वाली सामग्री से सावधानी बरतने की चेतावनी भी दी है।
टीवीके अभियान प्रबंधन महासचिव के खिलाफ केस दर्ज
इधर, टीवीके अभियान प्रबंधन महासचिव, आधव अर्जुन के खिलाफ उत्तर क्षेत्र साइबर अपराध पुलिस स्टेशन में धारा 47/2025 के तहत बीएनएस की धारा 192, 196 (1) (बी), 197 (1) (डी), 353 (1) (बी) और 353 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।