तमिलनाडु में एक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। घटना सलेम से करीब 35 किलोमीटर दूर रविवार तड़के की है। यहां एक बस में सामान लाद रहे छह लोगों की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सभी एक समारोह में शामिल होने के लिए चेन्नई जा रहे थे। वे बस के पीछे अपना सामान लाद रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिसमें बस के खलासी सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति का इलाज हो रहा है।
महाराष्ट्र: उल्हासनगर में इमारत गिरने से एक की मौत
इस बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर कस्बे में रविवार को एक इमारत का एक हिस्सा गिरने से एक 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटना काशीराम चौक इलाके में सुबह करीब 8.15 बजे हुई, जहां एक इमारत का एक हिस्सा बगल के घर पर गिर गया।
कीटनाशक का छिड़काव करने के बाद किसान की मौत
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि व्यक्ति ने अपने खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया था। कुछ घंटे बाद उसकी तबियत बिगड़ गई। घटना यहां से 50 किलोमीटर दूर रामटेक तहसील के कचुरवाली गांव में हुई।