तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए तमिलगा वेत्री कझगम के प्रमुख और अभिनेता विजय ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसमें महिलाओं को ₹2,500 मासिक सहायता, किसानों की कर्जमाफी, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलावों जैसे लोक-लुभावन वादों की झड़ी लगा दी गई है। विजय ने सीधे तौर पर महिला, किसान, युवा और सरकारी कर्मचारी को साधने की कोशिश की है।
तमिलनाडु की राजनीति में अपनी नई पारी खेल रहे तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने 23 अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी कर राज्य के सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। अभिनेता से राजनेता बने विजय ने महिलाओं और किसानों के लिए बड़े एलान किए हैं।
विज्ञापन
महिलाओं के लिए खोला पिटारा
महिलाओं को अपनी ओर खींचने के लिए विजय ने वादा किया है कि 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही, प्रति परिवार साल में छह रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने का आश्वासन दिया गया है। निर्धन परिवारों की मदद के लिए उन्होंने शादियों में आठ ग्राम सोना और बेहतरीन सिल्क साड़ी देने का भी वादा किया है। स्वयं सहायता समूहों के लिए ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की योजना भी इसमें शामिल है।
किसानों और कर्मचारियों पर नजर
कृषि क्षेत्र के लिए विजय ने बड़ा दांव चलते हुए पांच एकड़ से कम जमीन वाले किसानों का कृषि सहकारी फसली ऋण पूरी तरह माफ करने की घोषणा की है। साथ ही, धान के लिए ₹3,500 प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए ₹4,500 प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने का वादा किया है। सरकारी कर्मचारियों को साधते हुए विजय ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
शिक्षा के क्षेत्र में टीवीके प्रमुख ने 100 विशेष आवासीय विद्यालय 'कामराजर' के नाम पर खोलने और उच्च शिक्षा के लिए ₹20 लाख तक के ऋण का वादा किया है। स्कूल ड्रॉपआउट रोकने के लिए सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं को ₹15,000 सालाना देने की बात कही गई है। इसके अलावा, राज्य में 'पट्टा नियमितीकरण' और 100 प्रतिशत पाइप के जरिए पीने के पानी की आपूर्ति का भी संकल्प लिया गया है।