आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा प्रत्याशियों की सूची से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के बाहर रहने को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच अन्नामलाई ने शनिवार को खुद ही इन अटकलों पर विराम लगा दिया। अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने खुद ही चुनाव न लड़ने का फैसला किया था, उनका टिकट काटा नहीं गया।
चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए अन्नामलाई ने भाजपा नेतृत्व का आभार जताया कि उन्होंने उनके फैसले का सम्मान किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही पार्टी आलाकमान को लिखित रूप में सूचित कर दिया था कि वे किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए प्रचार अभियान में जुटेंगे।
ये भी पढ़ें: होर्मुज बंद रहा तो भी परेशानी नहीं: तेल-गैस सप्लाई के लिए क्या नई योजना बना रहे खाड़ी देश, भारत को कैसे फायदा?
सच्चाई कुछ और है :के अन्नामलाई
अन्नामलाई ने कहा, "मैंने पहले ही कोर कमेटी को लिखित रूप में सूचित कर दिया था कि मैं किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ूंगा। यह कहना गलत है कि मुझे टिकट नहीं मिला; सच्चाई यह है कि मैंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया।"
उन्होंने आगे कहा, ''यह मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है, इसलिए मैं स्पष्ट कर रहा हूं। जब मैंने चुनाव लड़ने में कोई रुचि नहीं दिखाई, तो नेतृत्व मुझे टिकट कैसे दे सकता था? अगर मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया होता, तो यह मायने नहीं रखता कि मैं किसी भी सीट से चुनाव लड़ सकता था।''
मेरे फैसले का सम्मान करने के लिए भाजपा का आभारी : अन्नामलाई
भाजपा नेता ने कहा, "मैं भाजपा नेतृत्व का आभारी हूं कि उन्होंने मेरे फैसले का सम्मान किया और मुझे एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने का अवसर दिया।"
ये भी पढ़ें: AIADMK को मुस्लिम विरोधी कहने पर भड़के पलानीस्वामी, स्टालिन को गिनाईं अल्पसंख्यकों के लिए अपने शासन की योजनाएं
लग रही थीं कौन सी अटकलें?
यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब इस बात की अटकलें लगाई जा रही थीं कि अन्नामलाई को एआईएडीएमके के साथ भाजपा के गठबंधन के कारण आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में टिकट नहीं मिला। अन्नामलाई द्वारा सी.एन. अन्नादुरई पर की गई टिप्पणियों के बाद तमिलनाडु में भाजपा और एआईएडीएमके के बीच गठबंधन को लेकर कई बार मतभेद सामने आए थे।
क्या रहा सीट बंटवारे का समीकरण?
गठबंधन के अनुसार, एआईडीएमके 234 सीटों में से 169 पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भाजपा 27 सीटों पर, पट्टली मक्कल कच्ची (पीएमके) 18 पर, अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) 11 पर, तमिल मानिला कांग्रेस पांच पर, इंडिया जननायगा कच्ची (आईजेके) एक पर और पुरच्ची भरथम एक सीट पर चुनाव लड़ेगी।
अन्य वीडियो