डीएमके सांसद ए राजा ने भाजपा पर निशाना साधा है और दावा किया है कि भगवा पार्टी कभी भी तमिलनाडु में अपने पैर नहीं जमा पाएगी। ए राजा ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि तमिलनाडु के पास भाजपा की विचारधारा का मुकाबला करने के लिए द्रविड़ विचारधारा है। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु दौरे पर थे और उन्होंने मदुरै में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे और दावा किया था कि आगामी विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु में भाजपा की सरकार बनेगी।
'भाजपा तमिलनाडु में नहीं जीत सकती'
सोमवार को चेन्नई में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डीएमके सांसद ने अमित शाह के आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया कि गृह मंत्री ने झूठ बोला और डीएमके पर गलत आरोप लगाए। लोकसभा सांसद ने कहा कि 'अरविंद केजरीवाल सत्ता में कैसे आए...उन्होंने सिर्फ भ्रष्टाचार का विरोध किया, लेकिन उनके पास कोई विचारधारा नहीं थी। हम अमित शाह और मोदी से नहीं डरते क्योंकि ये आम लोग हैं। उनकी विचारधारा हर जगह अतिक्रमण कर रही है और वे जीत रहे हैं, लेकिन वे यहां नहीं जीत सकते क्योंकि हमारे पास उनकी विचारधारा के मुकाबले में हमारी विचारधारा है।'
ये भी पढ़ें-
SC: तमिलनाडु सरकार की याचिका पर तुरंत सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, केंद्र पर शिक्षा फंड रोकने का आरोप
जाति जनगणना के मुद्दे पर भी घेरा
ए राजा ने कहा कि 'जब तक द्रविड़ियन विचारधारा यहां है, तब तक कोई भी तमिलनाडु में अपने पांव नहीं जमा सकता। हम दिल्ली, महाराष्ट्र या हरियाणा नहीं हैं। हम द्रविड़म हैं और भाजपा यहां नहीं आ सकती।' अमित शाह ने डीएमके सरकार पर 4600 करोड़ रुपये के खनन घोटाले में लिप्त होने का आरोप लगाया था। तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और भाजपा राज्य में एआईएडीएमके के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। डीएमके सांसद ने जनगणना और परिसीमन के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा जब विपक्ष में थी तो उन्होंने जाति जनगणना का विरोध किया था फिर अब क्यों उनका मन बदल गया? ए राजा ने भाजपा पर तमिलनाडु में सांप्रदायिक भेदभाव पैदा करने और उससे राजनीतिक फायदा लेने का आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें-
Congress Vs BJP: अमित शाह ने बताईं NDA की उपलब्धियां, कहा- यह जनसेवा का स्वर्णिम काल, कांग्रेस ने उठाए सवाल