आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में दो रेलगाड़ियों की टक्कर हो गई, जिसमें अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच मामले में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा तय करने के लिए केंद्र सरकार को ट्रेन सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की आवश्यकता है। स्टालिन के अलावा, पीएम मोदी ने भी हादसे को लेकर शोक जताया है। बता दें, हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है तो वहीं 40 लोग घायल हैं।
तमिलनाडु सीएम स्टालिन ने कहा कि बालासोर ट्रेन हादसे के कुछ महीनों बाद ही आंध्र प्रदेश में भी ट्रेन की टक्कर हो गई, जिससे में व्यथित हूं। स्टालिन ने ट्वीट कर कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बड़ी संख्या में भारतीय रेलवे का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन लगातार हो रही हादसों की घटना विचलित करती है। केंद्र सरकार को तत्काल पुनर्मूल्यांकन करना चाहिए, जिससे यात्रियों का विश्वास सुनिश्चित हो सके।
प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की
हादसे के बाद, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बयान जारी किया। बयान में पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की। उन्होंने अलामांडा और कांतकपल्ले खंड के बीच दुर्भाग्यपूर्ण ट्रेन दुर्घटना के मद्देनजर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस बीच प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार की रुपये की आर्थिक मदद का एलान किया गया।
वैष्णव ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात की
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बचाव अभियान चल रहा है। सभी को निकाल लिया गया है। टीमें तैनात कर दी गई हैं। PM मोदी ने हालात की समीक्षा की है। मैंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात की। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।