तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की। वह नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली आए हैं। उन्होंने उपराष्ट्रपति से भी भेंट की।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। विपक्षी नेताओं के साथ यह बैठक मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान हुई। इसके अलावा, मुख्यमंत्री विजय ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी उपराष्ट्रपति भवन में शिष्टाचार भेंट की।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जोसेफ विजय नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए तीन दिनों के दिल्ली दौरे पर आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें देशभर के मुख्यमंत्री और प्रशासक विकास के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री विजय इस बैठक में तमिलनाडु की आर्थिक प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर अपनी बात रख सकते हैं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद जोसेफ विजय की यह दूसरी आधिकारिक दिल्ली यात्रा है। इससे पहले 27 मई को अपनी पहली यात्रा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की थी। बुधवार सुबह वह चेन्नई से एक विशेष विमान के जरिए दिल्ली पहुंचे। दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने दिग्गज निर्देशक भारतीराजा के निधन पर उनके घर जाकर अंतिम विदाई दी।
दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री तमिलनाडु हाउस में रुके हैं। उनके कार्यक्रम के अनुसार, वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा वह अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य और केंद्र के बीच सहयोग बढ़ाने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। वह शुक्रवार शाम तक चेन्नई वापस लौट सकते हैं।